मुख्य मार्ग के जाम से नहीं मिल पा रही निजात
Kannauj News - छिबरामऊ में बाजार का जाम खत्म करने के लिए नगर पालिका के प्रयासों के बावजूद समस्या बनी हुई है। बेतरतीब खड़ी बाइक्स और अतिक्रमण जाम का मुख्य कारण हैं। स्कूलों की छुट्टी के समय जाम की स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। नगरपालिका ने अतिक्रमण हटाने के कई प्रयास किए हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं मिल सका।
छिबरामऊ, संवाददाता। पालिका प्रशासन के प्रयास के बावजूद नगर के मुख्य बाजार का जाम खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। अधिकांश दुकानों के बाहर व्यापारियों की बेतरतीब ढंग से खड़ी बाइकें जाम का कारण बनी हैं। हालांकि कई बार नगर पालिका की ओर से अभियान चलाकर जाम से निजात दिलाने के लिए प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। शुक्रवार देर शाम बाजार में जाम लगने से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। राहगीर जाम से जूझते रहे। जाम का मुख्य कारण नगर का बढ़ा हुआ अतिक्रमण और ई-रिक्शों की धमाचौकड़ी बन रही है। नगर के मुख्य मार्ग पर पीपल चौराहा, डाकघर तिराहा, सब्जी मंडी, विशुनगढ़ तिराहा, रोडवेज बस स्टैंड, सौरिख तिराहा और तालग्राम तिराहा के अलावा पूर्वी बाईपास पर अकसर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।
नगर के मुख्य मार्ग का हाल तो और भी ज्यादा खराब है। खासकर दोपहर के समय जब स्कूलों की छुट्टी होती है। उस समय तो घंटों जाम की स्थिति बन जाती है। यह कोई नई समस्या नहीं है। अब इस समस्या ने अपना स्थाई रूप ले रखा है। सबसे ज्यादा दिक्कत राहगीरों और दुकानदारों को होती है। जाम के चलते जहां दुकानदारों की दुकानदारी बाधित हो जाती है। वहीं जल्दी पहुंचने के प्रयास में लोगों को जाम में फंसकर घंटों इंतजार करना पड़ता है। हालांकि नगर में कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा चुका है, लेकिन कभी भी यह अभियान सफल नहीं हो सका। यही वजह है कि फुटपाथ बिल्कुल गायब हो चुका है। इसके अलावा ई-रिक्शा और बड़े वाहनों की आवाजाही से भी जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। क्या कहते जिम्मेदार नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि फुटपाथ पर हुए अतिक्रमण के चलते जाम की स्थिति बनती है। हालांकि कई बार अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा चुका है, लेकिन इसका स्थाई समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इसकी ठोस कार्ययोजना तैयार कर अधिकारियों के निर्देश पर एक बार फिर से बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




