पुलिस ने नष्ट किए 5.36 करोड़ रुपये से ज्यादा के मादक पदार्थ
कन्नौज में 'ऑपरेशन दहन' के तहत पुलिस ने 248 मामलों से संबंधित 486.804 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिक निस्तारण किया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की कीमत 5 करोड़ 36 लाख 31 हजार 700 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय और पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में की गई।

कन्नौज। मादक पदार्थों को नष्ट करने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन दहन" अभियान के तहत जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में दर्ज 248 मामलों से संबंधित 486.804 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिक निस्तारण एवं विनष्टीकरण कराया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 5 करोड़ 36 लाख 31 हजार 700 रुपये बताई गई है। सर्वोच्च न्यायालय एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी एवं जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में यह प्रक्रिया संपन्न हुई। कोतवाली कन्नौज, गुरसहायगंज, तालग्राम, छिबरामऊ, सौरिख, विशुनगढ़, तिर्वा, ठठिया और इंदरगढ़ थानों में पंजीकृत मादक पदार्थों से संबंधित अभियोगों का माल 29 मई को भारत ऑयल एंड वेस्ट मैनेजमेंट, कुंभी तहसील, अकबरपुर (कानपुर देहात) में पर्यावरणीय एवं विधिक मानकों का पालन करते हुए नष्ट कराया गया।नष्ट
किए गए मादक पदार्थों में 0.942 किलोग्राम स्मैक/हेरोइन, 427.764 किलोग्राम गांजा, 6.492 किलोग्राम चरस, 35.055 किलोग्राम नशीला पाउडर तथा 16.550 किलोग्राम अफीम बॉडी शामिल है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, सुरक्षा और वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप संपन्न की गई है, जिससे मादक पदार्थों के दुरुपयोग की संभावनाओं को समाप्त किया जा सके। उन्होंने साफ कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


