Kannauj News: सर्वर ठप, डेढ़ घंटे पैथोलॉजी जांच का पंजीकरण बंद
Kannauj News: कन्नौज जिले के अस्पताल की पैथोलॉजी लैब का सर्वर मंगलवार सुबह डेढ़ घंटे तक ठप रहा, जिससे मरीजों का पंजीकरण नहीं हो सका। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को इंतजार करना पड़ा। मरीजों के बीच कहासुनी भी हुई। समस्या सुलझने पर पंजीकरण फिर से शुरू हुआ। अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

Kannauj News: कन्नौज, संवाददाता। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब का सर्वर मंगलवार सुबह करीब डेढ़ घंटे तक ठप रहा। नेटवर्क बाधित होने से ब्लड जांच के लिए मरीजों का पंजीकरण नहीं हो सका। जांच कराने पहुंचे मरीजों की कतार लग गई। इनमें गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। पंजीकरण में देरी को लेकर कुछ मरीजों और कर्मचारियों के बीच कहासुनी भी हुई। मामले की जानकारी होने पर पैथोलॉजी प्रभारी सुनील पाठक मौके पर पहुंचे और मरीजों को समझाकर शांत कराया। नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त होने के बाद पंजीकरण दोबारा शुरू कराया गया। जांच प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को भी लगाया गया।
इसके बाद मरीजों की जांच शुरू हो सकी। इधर, मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। मंगलवार को 850 नए मरीजों ने पंजीकरण कराया, जबकि 110 से अधिक पुराने मरीज उपचार के लिए पहुंचे। सोमवार को भी ओपीडी में मरीजों की संख्या 900 के पार रही थी। सबसे अधिक मरीज बुखार, बदन दर्द और त्वचा संबंधी समस्याओं की शिकायत लेकर पहुंचे। चिकित्सक डा. निकेतन सक्सेना ने बताया कि बारिश के बाद बढ़ी उमस और मौसम में उतार-चढ़ाव से वायरल बुखार व त्वचा संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों को साफ-सफाई रखने, ताजा व सुपाच्य भोजन करने और सुरक्षित पानी पीने की सलाह दी। डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए घर के आसपास पानी जमा न होने देने और मच्छरदानी का प्रयोग करने को कहा।


