जाम समस्या के स्थाई समाधान को लेकर पालिका प्रशासन गंभीर
नगर पालिका प्रशासन अब जाम की समस्या के स्थाई समाधान के लिए गंभीर है। गौरव त्रिपाठी अमर ने अधिशासी अधिकारी से मुलाकात कर जाम की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जाम से नागरिकों और व्यापारियों को दिक्कतें हो रही हैं। नगरपालिका ने जनसहयोग से समाधान का आश्वासन दिया और ई-रिक्शों के पंजीकरण की प्रक्रिया पर काम चल रहा है।

नगर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या के स्थाई समाधान को लेकर नगर पालिका प्रशासन अब गंभीर नजर आ रहा है। मेरा शहर मेरी जिम्मेदारी मुहिम के संचालक गौरव त्रिपाठी अमर ने अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह से मुलाकात कर नगर के मुख्य बाजारों में लगने वाले जाम और उससे होने वाली परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की। गौरतलब है कि जनवरी माह में नगर के एक दर्जन से अधिक संगठनों ने जाम की समस्या को लेकर नगर पालिका गेट पर धरना-प्रदर्शन भी किया था। एमसीएमआर ग्रुप संचालक गौरव त्रिपाठी अमर ने बताया कि लगातार लगने वाले जाम से आम नागरिकों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
तपती गर्मी में घंटों जाम में फंसे रहने के कारण लोग हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने नगर के प्रमुख मार्गों पर सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए ठोस और स्थाई समाधान की मांग उठाई। इस पर अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि नगरपालिका जाम की समस्या को लेकर पूरी तरह गंभीर है, लेकिन बिना जनसहयोग के इसका समाधान संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि ई-रिक्शों के पंजीकरण के लिए टीम गठित की जा चुकी है और यह प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जल्द ही ई-रिक्शों का रूट निर्धारण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पटरी दुकानदारों और रेहड़ी-फेरी वालों को कैरदा रोड पर चिन्हित स्थान पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर व्यवस्थित रूप से शिफ्ट किया जाएगा। मुख्य मार्गों पर सीमांकन कर वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई होगी। साथ ही गली-मोहल्लों में रास्ता बाधित करने वाले वाहनों पर भी नोटिस जारी किए जाएंगे। प्रभावी कार्रवाई और जनजागरूकता के लिए विभिन्न संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


