
समय सीमा बीती, फिर भी नहीं हटा अतिक्रमण
Kannauj News - छिबरामऊ में नगर पालिका प्रशासन ने पूर्वी बाईपास पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए 24 घंटे का नोटिस जारी किया था। समय बीतने के बाद भी अतिक्रमणकारियों ने खोखे नहीं हटाए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष है। एसडीएम ने चेतावनी दी है कि यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छिबरामऊ, संवाददाता। नगर के पूर्वी बाईपास जीटी रोड हाईवे किनारे ब्लॉक के सामने का अतिक्रमण हटाने के लिए पालिका प्रशासन ने 24 घंटे का समय देते हुए नोटिस चस्पा कराए थे। समय बीत जाने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। इससे साफ जाहिर है, कि अतिक्रमणकारियों के हौसले कितने बुलंद हैं। मालूम हो कि नगर के पूर्वी बाईपास ब्लॉक मुख्यालय के सामने रखे खोखे 24 घंटे के अंदर हटाने को लेकर एसडीएम के आदेश पर पालिका प्रशासन ने खोखे हटाने के लिए नोटिस चस्पा कराए थे। तीन दिन पहले की गई इस कार्रवाई के बाद भी अभी तक खोखे नहीं हटाए गए हैं।
नगर पालिका प्रशासन ने पूर्व में भी कई बार अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की है, लेकिन अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद रहे हैं। कार्रवाई के बावजूद विकास खंड कार्यालय के सामने से अवैध दुकानें नहीं हटाई गईं। इससे पहले भी सरकारी जमीन पर रखे गए खोखों को हटाने के लिए बुलडोजर चला था, लेकिन वह दुकानें फिर से उसी जगह पर रख दी गईं। उधर, यही हाल नगर के अंदर का भी है। नगर के अंदर मुख्य मार्ग पर हुए अवैध अतिक्रमण के कारण लगातार जाम की समस्या उत्पन्न होती है। स्थानीय लोगों ने कई बार इसकी शिकायत की है। उनका आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है, जिससे अतिक्रमण करने वालों के हौसले बढ़ते हैं। इस मामले में एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद अवैध दुकानें हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि यदि 24 घंटे के भीतर अवैध दुकानें नहीं हटाई गईं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




