Kannauj News: अनियंत्रित हुई बाइक, डिग्री कॉलेज के बाबू समेत दो घायल
Kannauj News: तालग्राम-इंदरगढ़ मार्ग पर गुरुवार शाम को बकरी के सड़क पर आने से बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो लोग, जिनमें नेहरू डिग्री कॉलेज के कार्यालय अधीक्षक भी शामिल हैं, घायल हो गए। घायलों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से एक को गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किया गया।
Kannauj News: तालग्राम, संवाददाता। तालग्राम-इंदरगढ़ मार्ग पर भवानीसराय कोल्ड स्टोरेज के सामने गुरुवार शाम अचानक सड़क पर बकरी आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। हादसे में बाइक सवार नेहरू डिग्री कॉलेज छिबरामऊ के कार्यालय अधीक्षक समेत दो लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालग्राम पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे सौ सैया अस्पताल छिबरामऊ रेफर कर दिया गया। छिबरामऊ के नेहरू डिग्री कॉलेज में कार्यालय अधीक्षक 56 वर्षीय मोहम्मद साबिर पुत्र नसीरुद्दीन अपने मित्र मोहल्ला बिरतिया निवासी 55 वर्षीय मोहम्मद यूनुस पुत्र युसूफ अली के साथ इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के बलनपुर में आयोजित 40वें के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
गुरुवार शाम दोनों बाइक से वापस छिबरामऊ लौट रहे थे।।बताया गया कि बाइक जैसे ही तालग्राम-इंदरगढ़ मार्ग पर भवानीसराय कोल्ड स्टोरेज के सामने पहुंची, तभी अचानक एक बकरी सड़क पर आ गई। बाइक चालक ने बकरी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बाइक अनियंत्रित हो गई और बकरी से टकरा गई। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सड़क से उठाकर 108 एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी तालग्राम भेजा। यहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर मोहम्मद यूनुस को बेहतर उपचार के लिए सौ सैया अस्पताल छिबरामऊ रेफर कर दिया गया, जबकि मोहम्मद साबिर का उपचार किया गया।


