बारिश के बीच भरभराकर गिरा मकान का छज्जा, मलबे में दबे दो बच्चों समेत 7 लोग
कन्नौज में मानसून की पहली बारिश के दौरान एक मकान का छज्जा गिर गया, जिससे सात लोग मलबे में दब गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, चार लोगों की हालत गंभीर है। प्रशासन ने सहायता देने का आश्वासन दिया और अन्य जर्जर मकानों को लेकर चेतावनी जारी की।
कन्नौज, संवाददाता। मानसून की पहली आहट के साथ ही एक बड़ा हादसा सामने आया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के बलारपुर कुटिया गांव में शनिवार सुबह हो रही बारिश के बीच एक मकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर ढह गया। इस हादसे में छज्जे के नीचे लगे टीनशेड में बैठे दो बच्चों समेत सात लोग मलबे में दब गए। छज्जा गिरते ही चीख-पुकार मच गई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हादसे की आवाज सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े और अपने स्तर पर मलबे को हटाकर बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।
ग्रामीणों और पुलिस के संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में दबे सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की स्थिति
जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, मलबे में दबने के कारण चार लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। वहीं, अन्य तीन घायलों का इलाज जिला अस्पताल में ही चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वीरभान, रामभान, विजयभान और श्यामभान के मकान एक ही कतार में हैं, जिनमें से एक मकान का हिस्सा ढहा। इस हादसे में संजू राठौर (35), अरुण (40), रहीम (46) और 11 वर्षीय मासूम राज की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। वहीं, सनोज (22), ताजबानो (27) और समैया (16) का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
प्रशासन की मदद
प्रशासन की ओर से पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर नवनीत राय राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और प्रशासन की ओर से पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घायलों के समुचित और बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने क्षेत्र के अन्य जर्जर मकानों को लेकर भी अलर्ट जारी किया है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
सामान्यतः पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


