Kannauj News: बेटी नगदी-जेवरात समेत लापता, युवक पर बंधक बनाने का आरोप
Kannauj News: तालग्राम की एक महिला ने अपनी गायब बेटी की तलाश में पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई पर सवाल उठाया है। महिला ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसके प्रार्थना पत्र को सही ढंग से नहीं लिया और घर में मौजूद सोने-चांदी के जेवरात भी गायब हो गए हैं। अब महिला ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है।

Kannauj News: तालग्राम, संवाददाता। थाना क्षेत्र की एक महिला के अनुसार, उसकी बेटी 31 मई 2026 को घर से लापता हो गई थी। उसने डायल 112 पर सूचना देने के साथ ही थाना तालग्राम में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उसका प्रार्थना पत्र ले लिया, लेकिन बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
बेटी और जेवरात का लापता होना
बाद में घर की जांच करने पर बेटी के साथ घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात भी गायब मिले। प्रार्थना पत्र में महिला ने बताया कि गायब जेवरात में करीब आठ ग्राम वजन की सोने की एक जोड़ी झुमकी, एक सोने की अंगूठी, पांच ग्राम का लॉकेट, करीब दो सौ ग्राम चांदी की एक जोड़ी पायल, तीन ग्राम का एक लॉकेट और करीब पांच ग्राम वजन के कान के बुंदे शामिल हैं। महिला का आरोप है कि बेटी की काफी तलाश करने के बाद वह थाने पहुंची।
पुलिस की कार्रवाई का अभाव
वहां तैनात एक दरोगा ने उसे बताया कि उसकी बेटी को औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक अपने साथ ले गया है। महिला ने बेटी को बरामद कराने और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति को किसी अज्ञात व्यक्ति के सामने ले जाकर फोटो खिंचवाए गए और सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए गए। बार-बार कार्रवाई की मांग करने पर दरोगा ने बेटी के औरैया में युवक के पास होने की बात कहते हुए वहीं से उसे बरामद करने की बात कही।
न्यायालय में प्रार्थना पत्र
महिला ने प्रार्थना पत्र में आशंका जताई कि बेटी को बंधक बनाकर रखा गया है और उसके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। थाना पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए महिला ने पुलिस अधीक्षक को डाक के माध्यम से भी प्रार्थना पत्र भेजने की बात कही है। इसके बाद न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया है। कोर्ट के आदेश पर तालग्राम पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


