Kannauj News: चार साल बाद मिली 13 वर्षीय लापता छात्रा, दिल्ली में दो बच्चों संग बरामद
Kannauj News: -अगस्त 2022 में हजेला कॉलेज पढ़ने गई थी छात्रा, साइकिल कॉलेज के पास मिली थी; चार विवेचक बदले, आईजी से भी हुई थी शिकायततालग्राम, संवाददाता। चार साल से

Kannauj News: तालग्राम, संवाददाता। चार साल से लापता 13 वर्षीय छात्रा को तालग्राम पुलिस ने दिल्ली से बरामद कर लिया। छात्रा अगस्त 2022 में घर से कॉलेज पढ़ने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी थी। उसकी साइकिल कॉलेज के पास से मिली थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू की थी। चार साल के दौरान एक प्रभारी निरीक्षक समेत चार विवेचक बदले, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं लग सका। आखिरकार पुलिस ने परिजनों से मिले सुराग के आधार पर छात्रा को दिल्ली से बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, छात्रा अब दो बच्चों की मां है।
थाना क्षेत्र के अतरौली गांव निवासी 13 वर्षीय छात्रा 10 अगस्त 2022 को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। छात्रा की साइकिल कॉलेज के पास से बरामद होने के बाद उसकी मां ने थाना तालग्राम में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में मामले में अपहरण समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई। चार साल तक पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी रही। इस दौरान मामले की विवेचना एक प्रभारी निरीक्षक समेत चार पुलिस अधिकारियों ने की। छात्रा का पता न चलने पर परिजनों ने मामले की शिकायत आईजी स्तर तक भी की थी। तत्कालीन वरिष्ठ उप निरीक्षक कामता प्रसाद पांडेय पर विवेचना में लापरवाही बरतने के आरोपों को लेकर जांच भी कराई गई थी। हालांकि जांच में वह दोषी नहीं पाए गए। इसके बाद मामले की विवेचना उप निरीक्षक शिव किशोर को सौंपी गई। बताया गया कि उन्होंने पुलिस टीम के साथ छात्रा के परिजनों से मिले सुराग के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान छात्रा के दिल्ली में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने 28 सितंबर को उसे दिल्ली से बरामद कर लिया। हालांकि पुलिस अभिलेखों में छात्रा की बरामदगी का स्थान छिबरामऊ अंडरपास भी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, छात्रा ने पूछताछ में बताया कि उसने सौरिख थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से शादी कर ली थी। इसके बाद वह युवक के साथ दिल्ली में रह रही थी। इस दौरान उसके दो बच्चे भी हुए। पुलिस ने छात्रा को बरामद कर लिया है, जबकि उसके साथ रहने वाला युवक अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया कि छात्रा को बरामद कर लिया गया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर बयान दर्ज कराए जाएंगे। कोर्ट में दिए गए बयान और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


