Kannauj News: शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और ठगी करने वाला 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
Kannauj News: कन्नौज में एक विवाहित युवक को शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और उसके संपत्ति बेचनें के बाद 20 लाख रुपये हड़पने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपित युवती के माता-पिता की मृत्यु के बाद उसकी संपत्ति का फायदा उठाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया।

Kannauj News: कन्नौज। शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने और उसकी संपत्ति बिकवाकर 20 लाख रुपये हड़पने के आरोपित विवाहित युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फरार चल रहे आरोपित पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। महिला थाना और सर्विलांस टीम ने घेराबंदी कर उसे पुराने पुल के पास से दबोच लिया। जुलाई माह में सैदहा गांव निवासी 37 वर्षीय अमरनाथ सिंह के खिलाफ सदर कोतवाली में 25 वर्षीय युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि, उसके माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है। तहसील में विरासत संबंधी प्रक्रिया के दौरान उसकी मुलाकात अमरनाथ से हुई थी।
आरोप है कि अमरनाथ ने खुद को अविवाहित बताकर युवती से शादी करने का भरोसा दिलाया और कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने युवती को विश्वास में लेकर उसकी संपत्ति बिकवा दी और उससे मिले करीब 20 लाख रुपये हड़प लिए। रकम मिलने के बाद उसने शादी से इनकार कर दिया और फरार हो गया। युवती ने आरोप लगाया था कि आरोपित की ओर से उसे धमकियां भी दिलाई जा रही थीं।मामले की जांच महिला थाना प्रभारी सीमा पटेल को सौंपी गई थी। आरोपित के फरार होने पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सोमवार सुबह करीब छह बजे महिला थाना प्रभारी सीमा पटेल और सर्विलांस टीम प्रभारी प्रदीप कुमार की टीम ने पुराने पुल के पास घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया । पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ तिर्वा कोतवाली में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में भी मुकदमा दर्ज है।


