10 जून तक करें बीज बुकिंग, ई-लॉटरी से मिलेगा लाभ
कन्नौज में खरीफ 2026 की बुआई के लिए कृषि विभाग ने बीज वितरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। किसान 10 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ई-लॉटरी के जरिए लाभार्थियों का चयन होगा। विभिन्न फसलों के प्रमाणित एवं संकर बीजों का लक्ष्य आवंटित किया गया है, जिसमें मक्का, बाजरा, और धान शामिल हैं।

कन्नौज। खरीफ 2026 की बुआई की तैयारियों के बीच कृषि विभाग ने किसानों के लिए प्रमाणित एवं संकर बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की कवायद तेज कर दी है। जिले में बीज वितरण और निःशुल्क मिनीकिट योजना के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। किसान 10 जून तक कृषि विभाग के पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं, जबकि लाभार्थियों का चयन पूरी तरह ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। उप कृषि निदेशक संतोष कुमार ने बताया कि जिले को खरीफ फसलों के लिए मक्का, बाजरा, ज्वार, मूंग, उर्द, अरहर, सामान्य व संकर धान, बासमती धान तथा ढैंचा सहित विभिन्न फसलों के प्रमाणित और संकर बीजों का लक्ष्य आवंटित किया गया है।
इनमें सामान्य धान के 509 कुंतल और संकर मक्का के 754 कुंतल बीज प्रमुख हैं। किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए निःशुल्क मिनीकिट वितरण कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। इसके तहत मूंग, उर्द, अरहर, मूंगफली, तिल, संकुल ज्वार, संकर बाजरा तथा श्रीअन्न फसलों कोदो, सांवा और रागी के हजारों मिनीकिट उपलब्ध कराए जाएंगे। सबसे अधिक 1800 मिनीकिट संकर बाजरा के वितरित किए जाएंगे। विभाग के अनुसार योजना का लाभ केवल कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को मिलेगा। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पूरी व्यवस्था ऑनलाइन और ई-लॉटरी आधारित रखी गई है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज मिलने से फसल उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों की आय में भी सुधार होगा। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


