Kannauj News: टेंडर में गड़बड़ी पर अधिशासी अभियंता निलंबित, अवर अभियंता बर्खास्त
Kannauj News: - साढ़े तीन करोड़ के निर्माण कार्यों में ठेकेदार को अनुचित लाभ देने का आरोप

टेंडर अनियमितता पर कार्रवाई
Kannauj News: कन्नौज, संवाददाता। निर्माण कार्यों के टेंडर में अनियमितता और रिश्वत मांगने के आरोपों पर समाज कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने सख्त कार्रवाई की है। सिडको के अधिशासी अभियंता संजय गंगवार को निलंबित कर दिया गया है, जबकि संविदा पर तैनात अवर अभियंता कमल बाबू की सेवाएं समाप्त कर दी गई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। मंत्री असीम अरुण के मुताबिक सिडको की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों में अनियमितता की शिकायत मिली थी। एकीकृत विकास योजना के तहत करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये के टेंडर में एक ठेकेदार को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप सामने आए। प्रारंभिक जांच में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और नियमों की अनदेखी के संकेत मिले। आरोप है कि एक ही ठेकेदार को बार-बार अनुबंध आवंटित किए गए और स्वीकृत राशि की तुलना में टेंडर राशि में मामूली अंतर रखा गया। इन अनियमितताओं के आधार पर अधिशासी अभियंता के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। वहीं, अवर अभियंता कमल बाबू पर चैट और वॉइस कॉल के माध्यम से धनराशि मांगने के आरोप लगे हैं। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया गया। मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को प्राथमिकी दर्ज कराने और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन फॉरेंसिक जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने भ्रष्टाचार पर कही यह बात
कोट
सरकार भ्रष्टाचार और अनियमितता के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति पर कटिबद्ध है। जनता के पैसे का दुरुपयोग या टेंडर प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
- असीम अरुण राज्यमंत्री

