सघन खेत बचाओ अभियान में 1811 किसानों को किया जागरूक
कन्नौज में कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत सघन खेत बचाओ अभियान चल रहा है। 10 से 24 जून तक आयोजित शिविरों में 1811 किसानों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि कैलाश राजपूत ने जैविक खेती, मृदा परीक्षण और पौधरोपण के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में नए कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।

कन्नौज। जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित सघन खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। 10 जून से 24 जून तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जिले के विभिन्न विकास खंडों में कृषक जागरूकता शिविर और प्रदर्शनी आयोजित की गईं, जिनमें 1811 किसानों ने भाग लिया। विकास खंड गुगरापुर की ग्राम पंचायत नबलपुरवा और चांदापुर, छिबरामऊ की जगदीशपुर और रामखेड़ा तथा सौरिख की नगला खेमकरन और शरीफपुर में कार्यक्रम आयोजित हुए। सौरिख क्षेत्र के कार्यक्रमों में प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत राज्यमंत्री कैलाश राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने किसानों से मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने, जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने तथा अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पशुपालन के बिना जैविक खेती की परिकल्पना अधूरी है।चांदापुर में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह तथा नबलपुरवा में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास ने किसानों को कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कृषि विज्ञान केंद्र अनौगी के वैज्ञानिकों ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य, प्राकृतिक खेती, नैनो उर्वरकों के उपयोग, हरी खाद, जैविक खेती तथा दलहन-तिलहन फसलों के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रमों में किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। प्रदर्शनी और तकनीकी सत्रों के माध्यम से किसानों ने कृषि क्षेत्र के नवीन नवाचारों और वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी प्राप्त की। प्रशासन ने किसानों से आगामी कार्यक्रमों में भी अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


