Hindi NewsUttar-pradesh NewsKannauj NewsKannauj Officials Ensure Transparent Fertilizer Distribution and Crop Procurement
अधिक दाम पर खाद बेची तो कठोर कार्रवाई को रहें तैयार

अधिक दाम पर खाद बेची तो कठोर कार्रवाई को रहें तैयार

संक्षेप:

Kannauj News - कन्नौज जिले में उर्वरक का वितरण पारदर्शिता के साथ करने और किसानों को समस्याओं का सामना न करने देने पर जोर दिया गया। राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने बैठक में खाद, फसल खरीद और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। मक्का और बाजरा खरीद के लक्ष्य पर चर्चा की गई और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए गए।

Nov 17, 2025 05:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कन्नौज
share Share
Follow Us on

कन्नौज, संवाददाता। जिले में उर्वरक का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए ताकि कोई भी किसान खाद के लिए भटकने को मजबूर न हो। ओवररेटिंग पर सख्त नजर रखें। कोई ऐसा करता पाया जाए तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जिले खाद की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद वितरण व्यवस्था में आ रही कमियों को दूर किया जाए। ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न पेश आए। यह बात प्रदेश की उच्च शिक्षा विभाग की राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने सर्किट हाउस में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में खाद, फसल खरीद, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए कही।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उन्होंने मक्का और बाजरा खरीद की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि खरीद निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप होनी चाहिए। बैठक में बताया गया कि मक्का का समर्थन मूल्य 2400 रुपये, बाजरा का 2775 रुपये और धान का 2369 रुपये प्रति कुंतल है। जिले में मक्का खरीद के लक्ष्य 1500 मीट्रिक टन के मुकाबले 456 मीट्रिक टन खरीद की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में मक्का और धान का उत्पादन अधिक होता है, इसलिए खरीद प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जाए। चार केंद्रों पर धान खरीद की प्रगति शून्य मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और किसानों से समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए। मंत्री ने बीज एवं किट वितरण जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराने का भी निर्देश दिया। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। डॉक्टरों को मरीजों से अच्छा व्यवहार रखने की सलाह दी। उन्होंने सभी सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आरोग्य मेले को सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए उन्होंने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत ने बताया कि जिलाधिकारी की निगरानी में खाद का वितरण पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने विकास खंड हसेरन में नया धान क्रय केंद्र खोलने का प्रस्ताव रखा, जिस पर विचार-विमर्श के बाद केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया। बैठक में पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, एडीएम देवेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, सीएमओ डॉ. स्वदेश गुप्ता, उपनिदेशक कृषि संतोष कुमार, जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता समेत संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।