Kannauj News: पांच जगह पांच रिपोर्टर- हड़ताल से चरमराईं स्वास्थ्य सेवाएं, अस्पतालों में मरीजों की कतारें, टीकाकरण ठप

हिन्दुस्तान, कन्नौज
share

Kannauj News: ​कॉमन इंट्रो ​कन्नौज। नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर 8 अक्टूबर से जारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मियों के कार्य बहिष्क

Kannauj News: पांच जगह पांच रिपोर्टर- हड़ताल से चरमराईं स्वास्थ्य सेवाएं, अस्पतालों में मरीजों की कतारें, टीकाकरण ठप

Kannauj News: ​कन्नौज। नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर 8 अक्टूबर से जारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मियों के कार्य बहिष्कार और लंबे समय से चल रही एएनएम हड़ताल से पूरे जिले की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी, पीएचसी और ग्रामीण केंद्रों तक मरीजों की फजीहत हो रही है। जांच, ओपीडी, इमरजेंसी और टीकाकरण सेवाएं प्रभावित होने से मौजूदा नियमित कर्मचारियों पर काम का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग वैकल्पिक इंतजामों का दावा कर रहा है, लेकिन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मरीज इलाज के लिए भटकने को मजबूर हैं। ​

कन्नौज शहर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित

कन्नौज शहर

जिला अस्पताल और सीएमओ दफ्तर पर प्रदर्शन, पैथोलॉजी और जांच सेवाएं अटकीं

कन्नौज। जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय में बुधवार को संविदा कर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन कर कार्य बहिष्कार किया। हड़ताल का असर एनसीडी सेल और पैथोलॉजी जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं पर साफ देखा गया, जहां मरीज बीपी जांच व अन्य टेस्ट के लिए परेशान रहे। महिला अस्पताल के डिलीवरी रूम में संविदा कर्मियों के धरने पर बैठने से अव्यवस्था फैली, हालांकि आउटसोर्स व स्टाफ नर्सों ने अकेले मोर्चा संभालकर फाइलें तैयार कीं। चिकित्सकों की मौजूदगी से ओपीडी सेवाएं चालू तो रहीं, लेकिन संविदा स्टाफ की अनुपस्थिति ने रूटीन काम को काफी हद तक प्रभावित किया।

सौरिख में मरीजों को इलाज के लिए इंतजार

सौरिख

सौरिख सीएचसी में 24 घंटे की ड्यूटी करने को मजबूर कर्मचारी, मरीज परेशान

सौरिख। कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एनएचएम कर्मियों की हड़ताल से व्यवस्थाएं पटरी से उतर गई हैं। जांच से लेकर इलाज तक के लिए मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। स्टाफ की भारी कमी के कारण अस्पताल में मौजूद नियमित कर्मचारियों पर काम का बोझ इतना बढ़ गया है कि उन्हें 24 घंटे तक इमरजेंसी ड्यूटी करनी पड़ रही है। मरीज सुशील, पूजा और संजीव ने सही इलाज न मिलने की शिकायत की। वहीं, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि व्यवस्था सुधारने का प्रयास जारी है और बिना सूचना अनुपस्थित कर्मचारियों पर गैरहाजिरी दर्ज की जाएगी।

ठठिया के गांवों में स्वास्थ्य केंद्र बंद

ठठिया

गांवों में एनएचएम अस्पताल बंद, भुन्ना पीएचसी पर उमड़ा मरीजों का सैलाब

ठठिया। क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में संचालित एनएचएम अस्पताल बंद होने से ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचा ढह गया है। इलाज न मिलने से मरीज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुन्ना की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे वहां भारी भीड़ उमड़ रही है। मौसमी और वायरल फीवर के प्रकोप के बीच डॉ. अमृत सिंह कटियार और सीमित स्टाफ देर शाम तक मरीजों के उपचार में जुटा है। सफाई, डाटा एंट्री, आशा व आरबीएसके सेवाएं ठप होने से दबाव बढ़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के केंद्र बंद होने से उन्हें मजबूरी में दूर आना पड़ रहा है।

तालग्राम में नियमित टीकाकरण ठप

तालग्राम

तालग्राम। एएनएम की पिछले दो महीने से जारी हड़ताल के कारण तालग्राम ब्लॉक के 16 स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित टीकाकरण पूरी तरह ठप हो गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालग्राम, उपकेंद्र अंधौआ, समधन, अमोलर और गुरसहायगंज समेत दर्जनों केंद्रों पर बुधवार व शनिवार को लगने वाले टीके बंद हैं। इससे बच्चों को संक्रामक बीमारियों से बचाने और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा चक्र पर गंभीर असर पड़ रहा है। स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. कुमारिल मैत्रेय के अनुसार, हड़ताल के प्रभाव को कम करने के लिए अन्य दिनों में नियमित स्वास्थ्य कर्मियों को लगाकर टीकाकरण कराने का प्रयास किया जा रहा है।

छिबरामऊ में ओपीडी सेवाएं प्रभावित

छिबरामऊ

छिबरामऊ सीएचसी परिसर में तख्तियां लेकर धरने पर बैठे संविदा कर्मी, ओपीडी प्रभावित

छिबरामऊ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने संघ अध्यक्ष पवन त्रिपाठी के नेतृत्व में जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। हाथों में अपनी मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर कर्मचारियों ने साफ किया कि जब तक समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। कार्य बहिष्कार के कारण सीएचसी की ओपीडी और अन्य सेवाएं प्रभावित रहीं, जिससे दूर-दराज़ से आए मरीजों को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। प्रदर्शन में डॉ. अभिषेक बाजपेयी, डॉ. प्रशांत दीक्षित समेत दर्जनों संविदा चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद रहे, जिससे नियमित डॉक्टरों पर मरीजों का अत्यधिक दबाव बढ़ गया।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦संविदा कर्मियों की मुख्य मांग क्या है?−
संविदा कर्मी नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की मांग कर रहे हैं।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP Newsकन्नौजKannauj News: पांच जगह पांच रिपोर्टर- हड़ताल से चरमराईं स्वास्थ्य सेवाएं, अस्पतालों में मरीजों की कतारें, टीकाकरण ठप