एसआईआर प्रक्रिया में उजागर हो रहीं गड़बड़ियां, हज़ारों वोटर सूची से हटेंगे

Nov 29, 2025 05:33 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कन्नौज
share Share
Follow Us on

Kannauj News - कन्नौज में निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची का सत्यापन तेज गति से किया है। इसमें 25,115 मृत मतदाता, 42,334 स्थानांतरित लोग और 8,352 डुप्लीकेट मतदाता मिले हैं। प्रशासन का लक्ष्य अगले चुनावों में फर्जी मतदान को रोकना है। 85,129 नाम सूची से हटाए जाने की संभावना है।

एसआईआर प्रक्रिया में उजागर हो रहीं गड़बड़ियां, हज़ारों वोटर सूची से हटेंगे

कन्नौज, संवाददाता। निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चल रही एसआईआर प्रक्रिया में जिले की तीनों विधानसभाओं कन्नौज, तिर्वा और छिबरामऊ में यह प्रक्रिया युद्ध-स्तर पर काम चल रहा है। सत्यापन कार्य तेज गति से हो, इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अनुदेशक, शिक्षा मित्र, शिक्षक व तकनीकी सहायकों को बीएलओ के रूप में तैनात किया गया है। सत्यापन के दौरान जो आंकड़े सामने आए हैं, वे प्रशासन को चौंकाने वाले हैं। बड़ी संख्या में ऐसे लोग पाए गए हैं जो वर्षों पहले दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके हैं, लेकिन नाम अब भी मतदाता सूची में दर्ज है।

वहीं, हजारों ऐसे वोटर भी मिले हैं जो बीएलओ की बार-बार जांच के बाद भी नहीं मिले। इसी तरह मृतकों के नाम भी सूची में बने रहने की गंभीर खामियां सामने आई हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार के अनुसार जिले में कुल 12,89,220 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 12,83,851 मतदाताओं को एसआईआर फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभी तक 6,96,879 फॉर्मों का सत्यापन पूरा कर अपलोड किया जा चुका है। सत्यापन के दौरान 25,115 मतदाता मृत पाए गए हैं। वहीं 8,765 लोग ऐसे मिले हैं जिनका कोई अता-पता नहीं चल सका। लगभग 42,334 मतदाता ऐसे निकले जो दूसरे शहरों में स्थानांतरित हो चुके हैं, लेकिन उनके नाम अब भी सूची में बने हुए हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति डुप्लीकेट वोटरों की सामने आई है। 8,352 मतदाता ऐसे पाए गए जो दो अलग-अलग स्थानों पर पंजीकृत हैं। इसके अलावा 563 मतदाताओं को ‘अन्य’ श्रेणी में चिह्नित किया गया है, जिनमें कई अंडरएज पाए गए हैं जो निर्वाचन निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री लगातार एसआईआर की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं और बीएलओ को समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दे रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य तय अवधि में मतदाता सूची से सभी त्रुटियों को दूर कर अगली वोटर लिस्ट को पूरी तरह शुद्ध और विश्वसनीय बनाना है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद लगभग 85,129 नाम सूची से हटाए जाने की संभावना है, जिससे आगामी चुनावों में फर्जी मतदान और अनियमितताओं पर लगाम लगाने में बड़ी मदद मिलेगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;