
पंचायतों की निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित
Kannauj News - कन्नौज जिले में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण कार्यक्रम 18 जुलाई से 6 फरवरी तक चलेगा। इसमें मतदाता सूचियों का प्रिंट, गणना, सर्वेक्षण, और ऑनलाइन आवेदनों की प्रक्रिया शामिल है। अनन्तिम मतदाता सूची 23 दिसम्बर को प्रकाशित होगी, और अंतिम प्रकाशन 6 फरवरी को किया जाएगा।
कन्नौज। जिले में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। इसके तहत ग्राम पंचायतों के आंशिक भागों के पुनर्गठन, विलोपन, मतदाता सूचियों के प्रिंट, बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों के कार्यक्षेत्र निर्धारण, प्रशिक्षण एवं स्टेशनरी वितरण की कार्यवाही 18 जुलाई से 18 अगस्त तक सम्पन्न की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना, सर्वेक्षण एवं पाण्डुलिपि तैयार करने का कार्य 19 अगस्त से 29 सितम्बर तक चलेगा। इसी अवधि में 19 अगस्त से 22 सितम्बर तक ऑनलाइन आवेदनों की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जबकि इन आवेदनों की घर-घर जाकर जांच 23 सितम्बर से 29 सितम्बर तक होगी।

तैयार हस्तलिखित पाण्डुलिपि 30 सितम्बर से 13 अक्टूबर तक सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को सौंपी जाएगी। ड्राफ्ट नामावलियों का कम्प्यूटरीकरण 14 अक्टूबर से 10 दिसम्बर तक होगा। इसके बाद मतदान केन्द्रों का क्रमांकन, मतदाता क्रमांकन, वार्ड मैपिंग एवं मतदाता सूची की प्रतियां तैयार करने का कार्य 11 से 22 दिसम्बर तक चलेगा। अनन्तिम मतदाता सूची 23 दिसम्बर को प्रकाशित होगी, जिसका निरीक्षण 24 से 30 दिसम्बर तक किया जा सकेगा। दावे व आपत्तियां भी इसी अवधि में प्राप्त की जाएंगी, जिनका निस्तारण 31 दिसम्बर से 6 जनवरी तक होगा। इसके उपरान्त पाण्डुलिपियां 7 से 12 जनवरी तक जमा की जाएंगी। पूरक सूचियों का कम्प्यूटरीकरण 13 से 29 जनवरी तक किया जाएगा। अंतिम चरण में क्रमांकन व फोटो प्रतियां 30 जनवरी से 5 फरवरी तक तैयार होंगी। जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन 6 फरवरी को किया जाएगा। अधिकारी ने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




