
गोशाला में हरा चारा नहीं, जांच में खुली हकीकत
Kannauj News - कन्नौज में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने गो-आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। सभी गोशालाओं में हरे चारे की कमी पाई गई, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने बताया कि चारा तैयार किया जा रहा है। ठंड से बचाव के लिए त्रिपाल और लकड़ी की व्यवस्था की गई। सभी गोवंशों की नियमित देखभाल और स्वास्थ्य परीक्षण की निर्देश दिए गए।
कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने ब्लॉक उमर्दा के ग्राम कुढ़िना, खानपुर और बहोशी स्थित गो-आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी गोशालाओं में हरे चारे की कमी पाई गई। इस पर संबंधित प्रभारियों ने बताया कि हरा चारा बो दिया गया है और तैयार होते ही गोवंश को नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाएगा। ग्राम कुढ़िना की गोशाला में तीन गोवंश की मृत्यु की सूचना पर डॉ. अनिल कुमार ने जानकारी ली। जांच में स्पष्ट हुआ कि पिछले चार महीनों में कोई मृत्यु नहीं हुई है। दो दिन पूर्व एक गोवंश खाई में गिरकर घायल हुआ था, जिसका उपचार पशु चिकित्सालय की टीम द्वारा किया जा रहा है।

बढ़ती शीतलहर को देखते हुए सभी गो-आश्रय स्थलों में त्रिपाल लगाए गए मिले और अलाव जलाने के लिए पर्याप्त लकड़ी उपलब्ध पाई गई, ताकि गोवंशों को ठंड से बचाया जा सके। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी गोशालाओं में चारा, पानी और देखभाल की व्यवस्था बेहतर रखी जाए। साथ ही गोवंशों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कर उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि गोवंशों की सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


