किले की जमीन की जांच को पहुंची राजस्व टीम
Kannauj News - विशुनगढ़ किले की भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में प्रशासन ने जांच शुरू की है। रानी पुष्पा त्रिपाठी ने जिलाधिकारी को शिकायत दी थी कि भूमाफियाओं ने किले की जमीन पर कब्जा कर लिया है। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर जाकर तथ्यों की जांच की और पूर्व प्रधान सुधीर कुमार द्विवेदी से भी पूछताछ की।

विशुनगढ़ किले की जमीन पर हुए अवैध कब्जे को लेकर चल रहे मामले में प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी है। सोमवार को राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे प्रकरण की पड़ताल की। यह कार्रवाई उस शिकायत के बाद की गई, जिसमें रानी पुष्पा त्रिपाठी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर भूमाफियाओं द्वारा किले की जमीन पर कब्जा किए जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने इस संबंध में समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण से भी मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई थी। मौके पर पहुंची टीम ने रानी पुष्पा त्रिपाठी से बातचीत की। उन्होंने बताया कि उनकी ददिया सास द्वारा घनेश्वरनाथ का एक विशाल शिव मंदिर बनवाया गया था और अब उसी मंदिर की जमीन पर कुछ लोग अवैध कब्जा कर रहे हैं।
जांच के दौरान विवादित जमीन पर फास्ट फूड का ठेला लगा मिला। पूछताछ में उसने बताया कि यह जमीन पूर्व प्रधान सुधीर कुमार द्विवेदी की बताई गई है और उन्हीं की अनुमति से उसने ठेला लगाया है।राजस्व टीम ने तत्काल पूर्व प्रधान सुधीर कुमार द्विवेदी को मौके पर बुलाया, जिन्होंने कुछ कागजात प्रस्तुत किए। तहसीलदार अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए नक्शा तैयार कराया जाएगा। यदि ग्राम पंचायत या विवादित भूमि पर अवैध रूप से दुकानें पाई जाती हैं, तो उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान चकबंदी सीओ दिनेश कुमार, चकबंदी लेखपाल सुदेश कुमार, नायब तहसीलदार तथा क्षेत्रीय लेखपाल पवन यादव सहित पूरी टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


