
ट्रैक्टर से फसल जुतवाकर कब्जा मुक्त कराई जमीन
Kannauj News - अदमापुर गांव में पशुचर जमीन पर अवैध कब्जा हटाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों ने खेत में खड़ी आलू की फसल को ट्रैक्टर से जुतवाकर जमीन को कब्जामुक्त कराया। ग्रामीणों में हड़कंप मचा, जबकि आरोपी ने कोर्ट जाने की बात कही।
छिबरामऊ, संवाददाता। क्षेत्र के अदमापुर गांव में जांच के बाद खेत में खड़ी आलू की फसल को ट्रैक्टर से जुतवाकर पशुचर की जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। इस दौरान चकबंदी और राजस्व टीम के साथ भारी पुलिस फोर्स मौजूद रहा। प्रशासन की कार्रवाई से ग्रामीणों में हड़कंप मचा रहा। अदमापुर गांव की रहने वाली मंजू देवी ने गांव की पशुचर जमीन पर कुछ लोगों द्वारा किए गए कब्जे की शिकायत की थी। उपजिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी के निर्देश पर चकंबदी लेखपाल पियूष सोलंकी, राजस्व लेखपाल हरीनारायन, कानूनगो आशुतोष, सहायक चकबंदी अधिकारी धनीराम वर्मा, कानूनगो शिशुपाल व प्रेमपुर चौकी पुलिस की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश के बाद उसका कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई की गई।
लेखपाल ने बताया कि गांव के शिवप्रकाश, लालबहादुर, नरेंद्र यादव व प्रबल प्रताप आदि लोगों ने लगभग 4 बीघा पशुचर की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। कब्जेदारों ने उसमें आलू की फसल की थी। पैमाइश के बाद अवैध कब्जेवाली जमीन पर खड़ी आलू की फसल को ट्रैक्टर से जुतवाकर उसे कब्जामुक्त करा दिया गया। उधर, इस संबंध में आरोपी शिवप्रताप ने बताया कि वर्ष 1985 में उन्हें 26 लट्ठा नापकर जमीन दी गई थी, जो उनके कब्जे में थी। वर्तमान समय में मौके पर जमीन पूरी नहीं है। इसके लिए वह कोर्ट की शरण लेंगे। पैमाइश के बाद जो जमीन बताई गई थी, उसे उन्होंने पहले ही छोड़ दिया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




