Kannauj News: पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप से भड़का आक्रोश, थाने पहुंची भीड़

हिन्दुस्तान, कन्नौज
Follow us on Google News
share

Kannauj News: कांवरियों के बीच विवाद शांत कराने पहुंचे हिंदू संगठन के दो पदाधिकारियों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आया है। ठठिया थाने के बाहर लोगों ने आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आश्वासन दिया कि जांच की जाएगी और दोनों सिपाहियों को थाने से हटा दिया गया है।

Kannauj News: पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप से भड़का आक्रोश, थाने पहुंची भीड़

Kannauj News: ठठिया, संवाददाता। कांवरियों के बीच विवाद शांत कराने पहुंचे हिंदू संगठन के दो पदाधिकारियों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ गया। आरोपों के बाद रविवार देर रात बड़ी संख्या में लोग ठठिया थाने पहुंच गए और आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद रात में भीड़ शांत हुई, लेकिन सोमवार दोपहर संगठन के पदाधिकारी दोबारा थाने पहुंच गए। कार्रवाई की मांग पर दबाव बढ़ने के बाद दोनों सिपाहियों को तत्काल थाना से हटा दिया गया। रविवार रात करीब 11 बजे ठठिया थाने से लगभग 200 मीटर दूर मानीमऊ रोड पर दो कांवरियों के बीच विवाद हो गया। महाकाल सेवा समिति के अध्यक्ष गगन अग्निहोत्री अपने साथी राज राठौर समेत अन्य लोगों के साथ विवाद शांत कराने पहुंचे। इसी दौरान पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पदाधिकारियों को थाने ले आए। गगन और राज का आरोप है कि थाने में दो सिपाहियों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने दोनों पुलिसकर्मियों पर नशे की हालत में होने का आरोप लगाते हुए मेडिकल परीक्षण कराने की मांग किए जाने की बात भी कही। उनका आरोप है कि रात में मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। मामले की जानकारी मिलने पर गौरीशंकर मंदिर में चल रहे जागरण कार्यक्रम से संगठन के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग थाने पहुंच गए।नारेबाजी करते हुए लोगों ने कार्रवाई की मांग की। सूचना पर सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह समेत पुलिस अधिकारी और अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचाl अधिकारियों ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे संगठन के लोग फिर थाने पहुंचे और दोनों सिपाहियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि सीओ तिर्वा मामले की जांच कर रहे हैं। उनके आश्वासन पर लोग लौट गए। दोनों सिपाहियों को तत्काल थाने से हटा दिया गया है और जांच के आधार पर विभागीय कार्रवाई की बात कही गई है。

विवाद शांत कराने पहुंचे थे पदाधिकारी

रविवार रात मानीमऊ रोड पर दो कांवरियों के बीच विवाद की जानकारी मिलने के बाद महाकाल सेवा समिति के अध्यक्ष गगन अग्निहोत्री और राज राठौर मौके पर पहुंचे थे। दोनों ने विवाद शांत कराने का प्रयास किया।इसी दौरान पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। संगठन पदाधिकारियों के मुताबिक पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए थाने ले आई। उनका आरोप है कि थाने में दोनों सिपाहियों ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद पदाधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला बढ़ने पर संगठन के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने थाने पहुंचकर विरोध जताया।

रात में दो घंटे चला हंगामा

पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप की जानकारी फैलते ही रात करीब 12 बजे बड़ी संख्या में लोग ठठिया थाने पहुंच गए। लोगों ने थाने के बाहर नारेबाजी करते हुए आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।स्थिति को देखते हुए तिर्वा क्षेत्राधिकारी कुलवीर सिंह, तिर्वा कोतवाली प्रभारी संजय शुक्ला समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा।अधिकारियों ने संगठन के पदाधिकारियों और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद जांच और दोषी मिलने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद भीड़ वापस लौट गई।

कार्यवाई न होने पर सोमवार को फिर पहुंचे संगठन के लोग

रविवार रात अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद सोमवार सुबह तक दोनों सिपाहियों पर कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज हिंदू संगठन के पदाधिकारी दोपहर करीब 12 बजे दोबारा ठठिया थाने पहुंच गए। उन्होंने दोनों सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच सीओ तिर्वा कर रहे हैं और वह विभागीय कार्य से बाहर हैं। थाना प्रभारी ने शाम तक विभागीय कार्रवाई होने की जानकारी दी। साथ ही दोनों सिपाहियों को तत्काल थाना से हटाए जाने की बात कही।आश्वासन के बाद संगठन के लोग लौट गए।

प्रश्न उत्तर

✦क्या पुलिसकर्मियों ने पदाधिकारियों के साथ मारपीट की?−
हां, पदाधिकारियों का आरोप है कि थाने में दो सिपाहियों ने उनके साथ मारपीट की।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP Newsकन्नौजKannauj News: पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप से भड़का आक्रोश, थाने पहुंची भीड़