Kannauj News: गणपति महोत्सव में भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु
Kannauj News: छिबरामऊ में हर साल की तरह इस वर्ष भी जय बालाजी सेवा समिति द्वारा श्रीगणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत आयोजक ने भगवान गणेश की आरती से की। बच्चों ने विभिन्न भक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया। अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
Kannauj News: छिबरामऊ, संवाददाता। फर्रुखाबाद रोड स्थित इंदिरा आवास कॉलोनी में जय बालाजी सेवा समिति की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीगणेश महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। गणपति बप्पा के आगमन के साथ ही पंडाल में भक्ति गीतों की धूम मच गई। कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजक सर्वेश कुमार तिवारी ने भगवान गणेश की आरती कर किया। गणेश के रूप में सजे देवांश और गणेश भक्त के रूप में सजी यशिका रानी ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। ‘देवा हो देवा, गणपति देवा, देवा तुमसे बढक़र कौन’ गीत पर यशिका रानी ने सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया।
उसकी मनमोहक प्रस्तुति पर पंडाल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने जमकर उत्साह बढ़ाया। इसी क्रम में लक्ष्मी, प्रांशु, आयुषी, देवांश आदि बच्चों ने भी विभिन्न भक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। पूरे कार्यक्रम के दौरान पंडाल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारे लगाते रहे। इस अवसर पर मनु गुप्ता, प्रशांत त्रिपाठी, हरिओम मिश्रा, मीना मिश्रा, रजनी सक्सेना, अनामिका तिवारी, यश तिवारी, स्पर्श तिवारी, आशू, प्रियांशु, दीपू, पवन, अमन शर्मा, कृष्णा सविता, सूरज, गणेश, यीशू, आशिक, राजिक आदि का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।


