गौ सम्मान अभियान को लेकर जनजागरण पर दिया जोर
Kannauj News - छिबरामऊ में गो माता के सम्मान और संरक्षण के लिए गो सम्मान आवाहन अभियान के तहत एक बैठक आयोजित की गई। इसमें गो माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग उठाई गई। अभियान का उद्देश्य समाज में गो माता के प्रति सम्मान बढ़ाना और गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

छिबरामऊ, संवाददाता। गो माता के सम्मान और संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे गो सम्मान आवाहन अभियान के अंतर्गत रविवार को बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन पंडित कन्हैया लाल पांडेय मार्केट, पश्चिमी बाईपास स्थित परिसर में किया गया। जिसमें सामाजिक कार्यकर्ताओं, गोसेवकों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान गो माता को राष्ट्र माता घोषित किए जाने की मांग भी जोरदारी से की गई। बैठक में वक्ताओं ने बताया कि गौ सम्मान आवाहन अभियान देशभर में संत-महात्माओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में गो माता के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना को मजबूत करना, गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अधिक से अधिक लोगों को गोसेवा के कार्यों से जोड़ना है।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा में गो माता का विशेष महत्व रहा है और इसके संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए।इस दौरान गो सेवक रंजीत पांडेय ने कहा कि गो संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से देशभर में जनजागरण कार्यक्रम चलाकर लोगों को गो सेवा और संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही आगामी 27 अप्रैल 2026 को गो सम्मान दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया गया है। इस अवसर पर सुबह 10 बजे अपने-अपने क्षेत्र के तहसील या जिला मुख्यालय पर ज्ञापन देकर गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने तथा गो संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी।बैठक के अंत में गौ सेवक कृष्णा पांडेय ने सभी से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और गौ सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक गाय माता को राष्ट्र माता घोषित नहीं कर दिया जाता यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस मौके पर पूर्व सभासद प्रेम मुरारी दुबे, समाजसेवक डा. वरुण प्रताप, कृष्ण औतार गुप्ता (बाबा मेडिकल वाले), धर्मेंद्र अवस्थी (नादान), अजय गुप्ता, पंकज मिश्रा, अंशुल राठौर, विकास दीक्षित सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


