जैविक उत्पाद बिक्री के नाम पर 11 लाख की ठगी, तीन पर मुकदमा

जैविक उत्पाद बिक्री के नाम पर 11 लाख की ठगी, तीन पर मुकदमा

संक्षेप:

Kannauj News - कन्नौज में जैविक उत्पादों की खरीद-फरोख्त के नाम पर एक व्यापारी से लगभग 11 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने फर्जी बिल बनाकर माल भेजने का दावा किया, लेकिन माल नहीं भेजा। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

Dec 09, 2025 08:29 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कन्नौज
share

कन्नौज, संवाददाता। जैविक उत्पाद खरीद–फरोख्त के नाम पर एक कृषि उत्पाद व्यापारी से करीब 11 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने फर्जी बिल बनाकर लाखों का माल भेजने का दावा किया और माल भेजा नहीं।इसके बाद तकादा करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार से की। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शाहजहांपुर जिले के अल्हागंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला साहूकारा निवासी मोहित गुप्ता, जो अनाया ऑर्गेनिक इंटरप्राइजेज के प्रोप्राइटर हैं, ने एसपी को दी तहरीर में बताया कि वह अपने घर से ही जैविक उत्पादों का व्यवसाय संचालित करते हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

वर्ष 2022 में उनकी मुलाकात अल्हागंज के गांव अन्धुईया निवासी दिग्विजय सिंह से हुई। दिग्विजय ने मोहित की मुलाकात अपने साथी विवेक श्रीवास्तव निवासी हरदोई से कराई। दोनों ने उन्हें कन्नौज के कुसुमखोर निवासी जैनुअल आवदीन खान से परिचित कराया, जिसने अपनी फर्म ‘निशांत एग्रो जंक्शन’ के माध्यम से जैविक उत्पाद बेचने का सौदा किया। सौदे के तहत 14 सितंबर 2022 को मोहित ने जैनुअल आवदीन की फर्म के खाते में आरटीजीएस के जरिए 21 लाख रुपये भेजे। इसके बाद 2 अक्टूबर को मात्र 8 लाख 13 हजार 330 रुपये का माल ट्रैक्टर से भेजा गया, जबकि शेष माल कुछ दिनों में भेजने का वादा किया गया। लंबे समय तक माल न मिलने पर मोहित ने पंचायत बुलाई। पंचायत में जैनुअल और उसके साथियों ने रुपये वापस करने का आश्वासन दिया। इसके बाद 11 नवंबर को 50 हजार, 25 नवंबर को एक लाख तथा 10 दिसंबर को 50 हजार रुपये लौटाए गए, जबकि शेष 10 लाख 86 हजार 670 रुपये का माल भेजने का दावा किया गया। जब फिर भी न माल भेजा गया और न रुपये लौटाए गए, तो मोहित ने तकादा किया। आरोप है कि जैनुअल ने 18 नवंबर 2022 की तारीख का फर्जी बिल बनाकर 9 लाख 51 हजार 888 रुपये का माल भेजने का दावा किया। बिल में अंकित ट्रैक्टर चालक ने माल ढुलाई से इंकार किया, जिसके बाद ठगी की पुष्टि हुई। आरोपितों ने न केवल रकम वापस करने से इनकार किया बल्कि मोहित को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने जैनुअल आवदीन, दिग्विजय सिंह और विवेक श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।