Kannauj News: शार्ट सर्किट से घर में लगी आग, लाखों की गृहस्थी जलकर राख
Kannauj News: सौरिख के नंदपुर खिरिया गांव में शनिवार को शार्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे 25 से 30 हजार रुपये की नगदी सहित लाखों का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की।

Kannauj News: सौरिख, संवाददाता। थाना क्षेत्र के नंदपुर खिरिया गांव में शनिवार को शार्ट सर्किट से घर में आग लग गई। हादसे में नगदी समेत लाखों का सामान जलकर राख हो गया। कड़ी मशक्कत से ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया है। नादेमऊ चौकी क्षेत्र के नंदपुर खिरिया गांव निवासी इंद्रेश कुमार पुत्र जानकी प्रसाद के घर में शनिवार को शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही देर में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पानी व अन्य संसाधनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
तब तक घर में रखे 25 से 30 हजार रुपए की नगदी समेत लाखों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव निवासी छोटे राजपूत, मोनू सिंह, सोनू राजपूत, विनोद यादव, दलवीर यादव समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। सूचना पर पहुंचे लेखपाल तौसीफ रजा ने मौके पर जांच पड़ताल कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी।

