
नेशनल हाईवे पर खड़े कंटेनर में पिकअप घुसी, एक किसान की मौत, दो घायल
संक्षेप: Kannauj News - मानीमऊ में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे खड़े कंटेनर में टक्कर मारी, जिससे 58 वर्षीय किसान रामसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मानीमऊ ,संवाददाता। नेशनल हाईवे पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े कंटेनर में तेज रफ्तार पिकअप जा घुसी। जिससे एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया और मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना मानीमऊ चौकी क्षेत्र के मोचीपुर रेलवे क्रॉसिंग के सामने नेशनल हाईवे पर हुई। वहीं पिकअप के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात करीब दो बजे कानपुर से फर्रुखाबाद जा रही तेज रफ्तार पिकअप दक्षिण दिशा में सड़क किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार किसान बुरी तरह फंस गए। पिकअप फर्रुखाबाद की बताई जा रही है। उसमें सवार किसान कानपुर में फूलगोभी बेचकर अपने गांव लौट रहे थे। हादसे में किसान रामसिंह 58 वर्षीय निवासी निवलपुर, थाना कादरीगेट, जिला फर्रुखाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि किसान होरीलाल 60वर्षीय निवासी खानपुर तथा चालक दिनेश चंद्र 32 वर्षीय पुत्र जयसिंह निवासी तेजपुर, दोनों थाना कादरीगेट, जिला फर्रुखाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। मृतक किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेजा गया। पुलिस ने कंटेनर और पिकअप दोनों वाहनों को चौकी परिसर में खड़ा कराया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करते। लोगों ने मांग की है कि रात के समय खड़े वाहनों पर प्रतिबंध और सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




