लोडर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
Kannauj News - छिबरामऊ में रैपुरा गांव के पास एक तेज रफ्तार लोडर ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार युवक नीरज की मौत हो गई। दंपति और उनकी बेटी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों में शोक का माहौल है।

छिबरामऊ, संवाददाता। विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के रैपुरा गांव के पास तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए, सभी को एंबुलेंस से सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देख तीनों घायलों को मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों में कोहराम मचा रहा। फर्रुखाबाद के जहानगंज थानांतर्गत नगला रघोल निवासी कुलदीप कुमार पुत्र सुदामा, पत्नी उमा, दो साल की पुत्री रागिनी और चचेरे भाई नीरज 30 पुत्र हरिश्चंद्र के साथ अपने मामा सत्यभान के गांव तरैया रामनगर जा रहे थे।
जब वह लोग विशुनगढ़ थाना क्षेत्र में रैपुरा गांव के मोड़ पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप लोडर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सौ शैय्या अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य तीनों घायलों का प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देख मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया। उमा और कुलदीप की भी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक नीरज खेतीवाड़ी करता था। हादसे के बाद उसकी पत्नी माधुरी, बेटा किट्टू व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुराहाल हो गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


