Kannauj News: मवेशी से बचने में खौलते तेल की कढ़ाई में गिरा किसान
Kannauj News: तालग्राम में एक किसान पर बेसहारा मवेशी ने हमला करने का प्रयास किया। बचने के दौरान वह समोसे की दुकान पर खौलते तेल में गिर गए, जिससे उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोग अब बेसहारा मवेशियों के खिलाफ अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं।

Kannauj News: तालग्राम, संवाददाता। बाजार जा रहे किसान पर सोमवार को बेसहारा मवेशी ने हमला करने का प्रयास किया। मवेशी से बचने के लिए किसान भागे तो उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पास में समोसे की दुकान पर भट्ठी पर रखी खौलते तेल की कढ़ाई में जा गिरे। हादसे में उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। नगर के मोहल्ला कटरा निवासी मेवाराम वर्मा सोमवार को किसी काम से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक बेसहारा मवेशी उनके सामने आ गया और हमला करने के लिए दौड़ा।
मवेशी से बचने के लिए मेवाराम पीछे की ओर भागने लगे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पास में स्थित समोसे की दुकान की भट्ठी पर रखी खौलते तेल की कढ़ाई में जा गिरे। गर्म तेल की चपेट में आने से उनके दोनों हाथ झुलस गए। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें कढ़ाई से बाहर निकाला। इसके बाद उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में बेसहारा मवेशियों को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि नगर की सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में बेसहारा मवेशियों के घूमने से आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने नगर में अभियान चलाकर बेसहारा मवेशियों को पकड़वाने की मांग की है।


