छिबरामऊ। हिन्दुस्तान संवाद
बिहार के दो बार मुख्यमंत्री रहे जननायक कर्पूरी ठाकुर का जयंती समारोह शहर के पश्चिमी बाईपास पर नंद युवा वाहिनी के तत्वाधान में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान लोगों ने सविता समाज के लोगों से शिक्षा के साथ राजनैतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
नंद युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष बृजेश चंद्र नंद ने समाज के युवाओं का आवाहन करते हुए कहा कि आज के आधुनिक दौर में शिक्षा बहुत ही आवश्यक है। सभी को चाहिए कि वह अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाएं तभी हमारा समाज तरक्की कर सकता है। उन्होंने इसके साथ ही युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ राजनीतिक भागीदारी भी बहुत आवश्यक है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार सविता ने कहा कि समाज की एकजुटता के लिए हम सभी को प्रयास करने चाहिए। आपसी मतभेद भुलाकर समाज को मजबूत बनाएं, यही हम सभी का लक्ष्य होना चाहिए। रिटायर्ड शिक्षक गंगाराम सविता ने लोगों से शिक्षा के साथ-साथ आपसी सामंजस्य और तालमेल बनाकर काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के संयोजक नंद युवा वाहिनी के प्रदेश महासचिव शिवा सविता, जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सविता ने भी सामाजिक एकजुटता के भाव आपस में पैदा करने का आह्वान किया। शिक्षक बलराम सविता के संचालन में हुए कार्यक्रम में अन्नू भाई, ज्ञानेंद्र सिंह, नीरज सविता, जितेंद्र कुमार, बृजेश कुमार, अमित कुमार, शैलेश सविता, राजन पेंटर आदि लोगों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इससे पूर्व छात्राओं तान्या व मान्या ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष बृजेश चंद्र नंद, अशोक कुमार सविता समेत सभी ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।