Kannauj News: जेई पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष ने लगाए अभद्रता के आरोप
Kannauj News: छिबरामऊ के सौरिख थाना क्षेत्र के शरीफपुर गांव में डीपी कनेक्शन को लेकर विवाद हुआ। मंडल उपाध्यक्ष ने जेई पर अभद्रता का आरोप लगाया। राज्य सरकार के ऊर्जा मंत्री की मदद से बदली गई डीपी का कनेक्शन अभी तक नहीं हुआ है। प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।

Kannauj News: छिबरामऊ। सौरिख थाना क्षेत्र के शरीफपुर गांव में डीपी का कनेक्शन न होने को लेकर शुक्रवार को विवाद खड़ा हो गया। जब हसेरन मंडल उपाध्यक्ष विद्युत उपकेंद्र पर तैनात जेई से कनेक्शन करने की शिकायत लेकर गए थे। इस पर मंडल उपाध्यक्ष ने जेई पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत शीर्ष नेताओं से करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कार्रवाई न होने पर कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन के चेतावनी दी है। सौरिख क्षेत्र के शरीफपुर गांव में करीब दो माह पहले जली हुई डीपी को प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री कैलाश सिंह राजपूत के हस्तक्षेप से बदल दिया गया था, लेकिन अब तक उसका कनेक्शन नहीं किया गया।
इससे गांव और बाजार क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है। इसी समस्या को लेकर गांव निवासी एवं हसेरन मंडल उपाध्यक्ष रामकिशन तिवारी शुक्रवार को विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और जेई से कनेक्शन कराने की मांग की। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हो गई। मंडल उपाध्यक्ष ने जेई पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए भाजपा पदाधिकारियों से शिकायत की है और कार्रवाई न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। हसेरन मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र शाक्य ने बताया कि मामले की शिकायत ऊर्जा मंत्री से की जाएगी। यदि संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो थाने पर धरना दिया जाएगा। वहीं, जेई दिलीप शर्मा ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मंडल उपाध्यक्ष बिना बकाया बिजली बिल जमा किए कुछ कनेक्शन जोड़ने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर उन पर गलत आरोप लगा रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


