मतदाता सूची शुद्धिकरण में ढिलाई नहीं बर्दाश्त
Kannauj News - तालग्राम के पीएमश्री विद्यालय में निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने बीएलओ के साथ बैठक की। उन्होंने एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा की और लापरवाही पर नाराजगी जताई। नए मतदाताओं के पंजीकरण और अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया पर जोर दिया। बैठक में पारदर्शिता और रिपोर्टिंग पर भी चर्चा की गई।

तालग्राम, संवाददाता। मंगलवार को पीएमश्री विद्यालय, तालग्राम में तहसील छिबरामऊ के निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने बीएलओ के साथ बैठक कर एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए प्रपत्रों को समयबद्ध व शुद्ध रूप से भरने के कड़े निर्देश दिए। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत फॉर्म-6 नए मतदाताओं का पंजीकरण, फॉर्म-7 नाम विलोपन, फॉर्म-8 शुद्धिकरणव संशोधन और फॉर्म-8ए स्थानांतरण को नियमानुसार भरना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र नामों को समय से हटाया जाए।
बैठक में फॉर्म-30 की उपयोगिता पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि घर-घर सत्यापन के दौरान संकलित सूचनाओं को तथ्यात्मक आधार पर दर्ज करना आवश्यक है। जिससे मतदाता सूची की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित हो सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एसआईआर अभियान की सफलता बीएलओ की सक्रियता और जिम्मेदारी पर निर्भर करती है। निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का नाम प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाए। साथ ही महिला, दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के नामों का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रपत्रों की ऑनलाइन फीडिंग, समयबद्ध रिपोर्टिंग और सत्यापन कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बीएलओ सुपरवाइजर लेखपाल शेख गुलफाम हुसैन, पुष्पकांत मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार पाल, मेराज खान, पिंटू राज तथा बीएलओ ब्रजेश कुमार, उमेश कुमार, विमला देवी, रेखा देवी, कुंती देवी, रामसरन सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


