झुलसी बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत
Kannauj News - कुशलपुरवा गांव में शनिवार को चूल्हे से लगी आग में झुलसी 65 वर्षीय उर्मिला देवी की रविवार सुबह अस्पताल में मौत हो गई। महिला चूल्हे के पास ताप रही थीं, तभी उनकी साड़ी में आग लग गई। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें उपचार के लिए कन्नौज और कानपुर भेजा गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

तालग्राम, संवाददाता। कुशलपुरवा गांव में शनिवार को चूल्हे से लगी आग की चपेट में आकर झुलसी बुजुर्ग महिला की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद से गांव में शोक का माहौल है। थाना क्षेत्र के कुशलपुरवा गांव निवासी उर्मिला देवी 65 वर्षीय पत्नी गेंदन लाल शनिवार की सुबह सर्दी से बचाव के लिए घर के अंदर बने चूल्हे के पास कुर्सी पर बैठकर ताप रही थीं। इसी दौरान चूल्हे से उठी चिंगारी उनकी साड़ी में जा लगी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। चलने-फिरने में असमर्थ उर्मिला देवी खुद को बचा नहीं सकीं और बुरी तरह झुलस गईं।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। तब तक उनका करीब 60 प्रतिशत शरीर झुलस चुका था। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालग्राम लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल कन्नौज रेफर कर दिया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें हैलट अस्पताल कानपुर भेजा गया। हैलट अस्पताल में रविवार सुबह करीब 10 बजे इलाज के दौरान उर्मिला देवी ने दम तोड़ दिया। घटना के समय महिला घर पर अकेली थीं। बेटा मोर सिंह खेतों की ओर गया हुआ था, जबकि नाती घर के बाहर खेल रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। थाना प्रभारी विनय शर्मा का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




