
आरबीएसके और आयुष का फुल फार्म तक नहीं बता पाए अभ्यर्थी
Kannauj News - कन्नौज जिले में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और ओपीडी के लिए चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई। कई अभ्यर्थियों ने आवश्यक जानकारी नहीं दी, जिससे अधिकारियों की चिंता बढ़ी। 43 में से 10 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कुल 16 डॉक्टरों की नियुक्ति की जानी है, जिसमें विभिन्न वर्गों के लिए पद हैं।
कन्नौज। जिले में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और ओपीडी के लिए चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हुई। विकास भवन स्थित हर्षवर्द्धन सभागार में आयोजित साक्षात्कार में एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई कई अभ्यर्थी डॉक्टर आयुष और आरबीएसके का फुल फार्म तक नहीं बता पाए। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में नियुक्ति को लेकर अधिकारियों की गंभीर चिंता भी झलकती रही। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर गठित पैनल ने सामान्य वर्ग के 33 डॉक्टरों का इंटरव्यू लिया। पैनल में सीडीओ रामकृपाल चौधरी, सीएमओ डॉ. स्वदेश गुप्ता, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. शक्ति बसु, जिला कार्यक्रम प्रबंधक दीपक रॉय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
चिकित्सा विज्ञान और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़े सवाल पूछे जाने पर कई अभ्यर्थियों के उत्तर उम्मीद के अनुरूप नहीं मिले, जबकि कुछ ने संतोषजनक जवाब देकर चयन टीम को प्रभावित भी किया। जिले में कुल 16 चिकित्सकों की नियुक्ति की जानी है, जिसमें सामान्य वर्ग से आठ, वहीं पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति से चार-चार डॉक्टर शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त जिला अस्पताल में एक बीडीएस विशेषज्ञ की भी भर्ती प्रस्तावित है। इनमें दस डॉक्टर आरबीएसके के अंतर्गत स्कूलों व समुदाय स्तर पर बच्चों की स्वास्थ्य जांच का दायित्व संभालेंगे, जबकि अन्य छह चिकित्सक पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पताल में ओपीडी सेवाएं प्रदान करेंगे। प्रक्रिया के पहले दिन 43 में से 10 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जिससे चयन टीम ने नाराजगी भी जताई। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की बुनियादी जानकारी हर डॉक्टर के लिए आवश्यक है, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हो सके। बुधवार को पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के 41 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




