बीज गुणवत्ता पर सख्ती, 28 दुकानों की जांच, सात को नोटिस

बीज गुणवत्ता पर सख्ती, 28 दुकानों की जांच, सात को नोटिस

संक्षेप:

Kannauj News - कन्नौज में रबी सीजन की तैयारियों के दौरान प्रशासन ने बीजों की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी शुरू की है। विशेष अभियान के तहत 28 बीज दुकानों की जांच की गई और 15 नमूने लिए गए। अनियमितताओं पर 7 विक्रेताओं को नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मानक गुणवत्ता वाले बीज ही बेचे जाएं।

Nov 15, 2025 11:59 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कन्नौज
share

कन्नौज, संवाददाता। रबी सीजन की तैयारियों के बीच प्रशासन ने बीजों की गुणवत्ता पर निगरानी कड़ी कर दी है। किसानों को मिल रहे बीज की शुद्धता और मानक सुनिश्चित करने को लेकर जिले भर में एक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान टीमों ने शनिवार को तीनों तहसीलों में छापेमारी करते हुए कुल 28 बीज दुकानों की जांच की और 15 नमूने भरे गए। साथ ही कई दुकानों में अनियमितताओं पर सात विक्रेताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इस कार्रवाई के दौरान गेहूं, मटर, बरसीम, पालक, धनिया और प्याज समेत विभिन्न फसलों के 15 नमूने लिए गए, जिन्हें अब प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

प्रारंभिक जांच में कई दुकानों में अनियमितताएं सामने आईं, जिसके आधार पर सात विक्रेताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान में सदर तहसील में अपर जिला कृषि अधिकारी हरेंद्र तिवारी और एआर कोऑपरेटिव राजीव लोचन शर्मा शामिल रहे, जबकि तिर्वा में उपकृषि निदेशक संतोष कुमार और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य अजय सिंह ने जांच की। इसी तरह छिबरामऊ में जिला उद्यान अधिकारी सीपी अवस्थी ने बीज दुकानों का निरीक्षण किया। जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता भी पूरे अभियान में सक्रिय रूप से मौजूद रहे। टीम ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि वे केवल मानक गुणवत्ता वाले बीज ही बेचें और हर किसान को कैश मेमो अवश्य उपलब्ध कराएं। कैश मेमो न केवल किसान के हितों की रक्षा करता है, बल्कि बीज की गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की स्थिति में कार्रवाई का आधार भी बनता है।