ग्राम प्रधानों को सिखाए गए डिजिटल भुगतान के गुर

Feb 10, 2026 05:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कन्नौज
share Share
Follow Us on

Kannauj News - छिबरामऊ में विकास खंड क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों के प्रधानों के लिए आरजीएसए के तहत एक दो दिवसीय डिजिटल भुगतान संबंधित साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। इसमें प्रधानों को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, और डिजिटल सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई। शिविर का उद्देश्य पंचायत स्तर पर पारदर्शी और सुरक्षित भुगतान प्रक्रिया को सुनिश्चित करना था।

ग्राम प्रधानों को सिखाए गए डिजिटल भुगतान के गुर

छिबरामऊ, संवाददाता। विकास खंड क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों के प्रधानों के लिए राष्ष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के तहत एक महत्वपूर्ण दो दिवसीय डिजिटल भुगतान संबंधित साक्षरता शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत अकबरपुर के पंचायत भवन में किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्राम प्रधानों को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल और डिजिटल लेन-देन की तकनीकी जानकारी प्रदान करना था, ताकि पंचायत स्तर पर पारदर्शी, सुरक्षित और त्वरित भुगतान प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके। शिविर में क्षेत्र के समस्त प्रधानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्हें यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल वॉलेट, क्यूआर कोड स्कैनिंग, पासवर्ड प्रबंधन, ओटीपी सुरक्षा, फिशिंग अटैक से बचाव, फर्जी लिंक की पहचान तथा डिजिटल धोखाधड़ी से सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

साथ ही भुगतान करते समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते साइबर अपराधों से निपटने में सहायता मिलेगी। एडीओ पंचायत यशकरन की मौजूदगी में फर्रुखाबाद से आए डीपीआरसी प्रभारी ट्रेनर अरविंद कुमार, श्रद्धा तिवारी तथा प्रतिभा ने सत्रों का संचालन किया। उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों और केस स्टडीज के माध्यम से प्रधानों को जागरूक किया। ट्रेनरों ने बताया कि सही तकनीकी ज्ञान और सतर्कता से डिजिटल भुगतान न केवल सुगम होता है, बल्कि ग्राम पंचायतों के कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गति भी बढ़ती है। यह शिविर आरजीएसए के अंतर्गत ई-गवर्नेंस को मजबूत करने और ग्राम पंचायतों को डिजिटल इंडिया से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। प्रधानों ने इसे अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि अब वह पंचायत के फंड प्रबंधन, योजनाओं के भुगतान और विकास कार्यों में अधिक प्रभावी ढंग से डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर सकेंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।