जिला कारागार पहुंचे डीआईजी जेल, बंदी के बयान व सुरक्षा का लिया जायजा
Kannauj News - जलालाबाद (कन्नौज) में डीआईजी जेल प्रदीप गुप्ता ने जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने हाल ही में फरार हुए बंदियों की गिरफ्तारी की जानकारी ली और सुरक्षा में कमी के बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा को मजबूत करने के निर्देश दिए और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
जलालाबाद (कन्नौज),संवाददाता। डीआईजी जेल प्रदीप गुप्ता ने बुधवार को जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। साथ ही हाल में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए बंदी डंपी के बयान भी लिए। बीते दिनों कन्नौज जिला कारागार से दो बंदी 22 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे, जिससे जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। दोनों फरार कैदियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। निरीक्षण के दौरान डीआईजी जेल ने जानकारी दी कि फरार बंदियों में से एक बंदी डंपी उर्फ शिवा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद बंदी को दोबारा जेल लाया गया, जहां डीआईजी ने उससे फरारी की पूरी घटना को लेकर पूछताछ की। उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि जेल सुरक्षा में कहां और किस स्तर पर चूक हुई। जिससे बंदी फरार होने में सफल रहे। डीआईजी प्रदीप गुप्ता ने जेल परिसर का भ्रमण करते हुए बैरकों, प्रहरी टावरों, सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश और निकास द्वारों सहित अन्य सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही जेल प्रशासन को चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए। डीआईजी ने कहा कि जेल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जेलर अवनीश सिंह, डिप्टी जेलर राम बहाल दुबे और अजय सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




