तालग्राम पहुंचे कांवड़िये, गंगा जल लेकर पंथवारी मंदिर में हुआ भव्य स्वागत
Kannauj News - तालग्राम नगर में कांवड़ियों का जत्था शनिवार रात पंथवारी मंदिर पहुंचा। कांवड़ियों ने 61 लीटर गंगा जल लेकर करीब 500 किमी की यात्रा की। उनका अंतिम लक्ष्य महाशिवरात्रि पर काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करना है। मंदिर में पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

तालग्राम, संवाददाता। तालग्राम नगर शनिवार की देर रात शिवभक्ति के रंग में रंग गया। जब काशी विश्वनाथ के लिए 61 लीटर गंगा जल लेकर दस कांवड़ियों का जत्था नगर के प्राचीन पंथवारी मंदिर पहुंचा। जैसे ही कांवड़िये मंदिर परिसर में पहुंचे तो हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। स्थानीय श्रद्धालुओं और शिवभक्तों ने फूल-मालाओं के साथ कांवड़ियों का जोरदार स्वागत किया। कांवड़ियों ने बताया कि वे सभी हरिद्वार से आठ दिसंबर को गंगा जल लेकर करीब 500 किमी पैदल यात्रा कर चुके हैं। कई जिलों और धार्मिक स्थलों से होते हुए कठिन यात्रा तय कर जत्था तालग्राम पहुंचा है।
कांवड़ियों के अनुसार, उनका अंतिम लक्ष्य 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करना है। पंथवारी मंदिर में कांवड़ियों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और कुछ समय विश्राम किया। इस दौरान मंदिर समिति के सदस्यों ने उन्हें जलपान व भोजन की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया। श्रद्धालुओं का कहना था कि इस प्रकार की यात्राएं समाज में आस्था, एकता और धार्मिक चेतना को मजबूत करती हैं। कांवड़ यात्रा को लेकर नगर में धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा। जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। रविवार तड़के विश्राम के बाद कांवड़ियों का जत्था आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गया। जाते समय कांवड़ियों ने नगरवासियों के सहयोग और स्वागत के लिए आभार जताया। इस दौरान अनुराग द्विवेदी, ओमकार नारद, नितिन चौरसिया, विकास द्विवेदी, जीतू प्रजापति, कमल आर्या, सुमित त्यागी,, बिजेंद्र, अनुज छोकर, पवन व भोला सहित कई लोग उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




