
दलित महिला प्रधान ने लेखपाल पर लगाए गंभीर आरोप
Kannauj News - छिबरामऊ में एक दलित महिला ग्राम प्रधान, निर्मला देवी जाटव, ने क्षेत्रीय लेखपाल औरंगजेब पर अपमानित करने और सरकारी योजनाओं में सहयोग न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने उपजिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत की है। लेखपाल ने आरोपों को बेबुनियाद बताया और प्रधान पर झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाया।
छिबरामऊ, संवाददाता। सौरिख में एक दलित महिला ग्राम प्रधान ने क्षेत्रीय लेखपाल पर अपमानित करने का आरोप लगाया है। प्रधान का यह भी आरोप है कि लेखपाल सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग नहीं कर रहे हैं। उन्होंने इस मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक से की है। उधर लेखपाल ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। सौरिख विकास खंड की ग्रामसभा हुसेपुर रूपपुर की प्रधान निर्मला देवी जाटव ने आरोप लगाया है कि क्षेत्रीय लेखपाल औरंगजेब ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को पैसा न देने के कारण जांच में अपात्र कर दिया। प्रधान के अनुसार, गांव की सुमन देवी पत्नी श्याम सिंह, मंजू देवी पत्नी सुभाषचंद्र, कृपाल सिंह पुत्र बाबूराम और श्याम सुंदर पुत्र बृजराज को प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्र कर दिया गया है, जबकि ये सभी झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं।
प्रधान निर्मला देवी ने बताया कि जब उन्होंने लेखपाल से इस बारे में बात की, तो उसने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें अपमानित करना शुरू कर दिया। प्रधान का यह भी आरोप है कि लेखपाल सरकारी योजनाओं में सहयोग नहीं करते और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। लेखपाल ने कथित तौर पर धमकी दी कि तुम्हारे प्रधान रहते हुए कोई काम नहीं करूंगा, जहां चाहों शिकायत कर देना। प्रधान निर्मला देवी ने यह भी आरोप लगाया है, कि लेखपाल ने ग्रामसभा की जमीन भूमाफियाओं को आवंटित करने की बात कही थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो लेखपाल ने उन्हें सबक सिखाने और अपमानित करने की धमकी दी। इस मामले में प्रधान ने उपजिलाधिकारी, जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से शिकायत की है। उधर, इस संबंध में लेखपाल औरंगजेब का कहना है कि प्रधान ने उनसे ग्रामसभा की जमीन आवंटित करने को कहा था, जिसे उन्होंने मना कर दिया। इसी वजह से प्रधान उन पर झूठे आरोप लगा रही हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




