खुद को बैंक कर्मचारी बता ओटीपी लेकर महिला से ठगे सवा लाख
Kannauj News - सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुर की ममता देवी के साथ साइबर ठगी हुई, जिसमें उसके क्रेडिट कार्ड से एक लाख रुपये और बैंक खाते से बारह हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता ने बैंक और साइबर क्राइम सेल में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर उसने न्याय की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुर की रहने वाली महिला के साथ साइबर ठगी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें ठगी के बाद कार्रवाई के लिए पीड़िता को महीनों तक भटकना पड़ा। थक-हारकर अब उसने न्यायालय की शरण ली है। जिसके आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। सौरिख थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर निवासी ममता देवी पत्नी प्रदीप के मुताबिक उसने एचडीएफसी बैंक की खड़िनी शाखा से क्रेडिट कार्ड बनवाया था। 27 मार्च 2025 को डाक से कार्ड मिलने के कुछ ही देर बाद एक फोन कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए ओटीपी मांगा।
अनजाने में ओटीपी साझा करने के बाद उसके साथ धोखाधड़ी हो गई। पीड़िता का आरोप है कि 29 मार्च से 11 अप्रैल 2025 के बीच उसके क्रेडिट कार्ड से 1 लाख रुपये और बैंक खाते से 12 हजार रुपये ऑनलाइन निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह रही कि उसके पास किसी प्रकार का अलर्ट मैसेज या ओटीपी भी नहीं आया। जब उसे इस ठगी की जानकारी हुई तो उसने बैंक में शिकायत की, लेकिन वहां से कोई माकूल जवाब नहीं मिला। आरोप है कि बैंक मैनेजर ने न केवल मदद करने से इनकार किया, बल्कि अभद्र व्यवहार करते हुए उसे वापस भेज दिया। आरोप है कि इसके बाद ममता देवी ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत की और पुलिस अधीक्षक को भी दो बार प्रार्थना पत्र भेजे, लेकिन कहीं से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। लगातार परेशान होकर पीड़िता ने 14 जनवरी को न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


