तालग्राम की छात्राओं ने चित्रकला में दिखाई प्रतिभा
Kannauj News - तालग्राम के पीएमश्री विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें छात्राओं ने उत्कृष्ट रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कक्षा सात की तनु और कक्षा पांच की प्रतिज्ञा ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, और बेटी शिक्षा जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। प्रधानाचार्या आकांक्षा चौरसिया ने प्रतियोगिता की सराहना की और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने की घोषणा की।
तालग्राम, संवाददाता। पीएमश्री विद्यालय तालग्राम में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में शनिवार को छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा सात की छात्रा तनु और कक्षा पांच की प्रतिज्ञा ने स्कूल की दीवारों पर आकर्षक और रंग-बिरंगे चित्र बनाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। प्रतियोगिता के तहत विद्यालय परिसर की दीवारों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, बेटी शिक्षा और राष्ट्रप्रेम जैसे विषयों से सजाया गया। तनु ने प्रकृति संरक्षण पर आधारित मनमोहक चित्र उकेरा, जिसमें पेड़-पौधों और वन्यजीवों का सुंदर समन्वय दिखाया गया। वहीं प्रतिज्ञा ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर भावपूर्ण चित्र बनाकर संदेश दिया कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या आकांक्षा चौरसिया ने दोनों छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने का मंच प्रदान करती हैं। शिक्षकों ने भी छात्राओं के प्रयास की प्रशंसा की और अन्य विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने की बात कही। प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने की घोषणा की गई। छात्राओं की कलात्मक अभिव्यक्ति से विद्यालय का वातावरण और अधिक आकर्षक एवं प्रेरणादायक बन गया। इस दौरान शिक्षक कुंती देवी, संदीप कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



