दिव्यांग बच्चों ने खेलों में दिखाई प्रतिभा
Kannauj News - कन्नौज में विश्व दिव्यांगता दिवस पर डी.एन. कॉलेज तिर्वा में एकेडमिक स्पोर्ट एंड कल्चरल मीट का आयोजन किया गया। दिव्यांग बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक और खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। उप जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार दिए और कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज के लिए प्रेरणा हैं।
कन्नौज। विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर डी.एन. कॉलेज तिर्वा में एकेडमिक स्पोर्ट एंड कल्चरल मीट–का भव्य आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक व खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी दक्षता, आत्मविश्वास और अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। कार्यक्रम में 100 मीटर दौड़ बालिका वर्ग, छूकर पहचानो, कुर्सी दौड़ बालक वर्ग गायन, नृत्यकला, लेखन, सुलेख, रंगोली, बॉल थ्रो तथा कला प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। सभी बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और खेल-कौशल का उत्कृष्ट परिचय दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, उप जिलाधिकारी तिर्वा राजेश कुमार एवं प्राचार्य योगेन्द्र सिंह तोमर ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया और हरी झंडी दिखाकर दौड़ प्रतियोगिता की शुरुआत कराई।

उप जिलाधिकारी राजेश कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पदक व पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज के लिए प्रेरणा हैं और सक्षम प्रतिभागियों को भविष्य में पैरा ओलम्पिक जैसे मंचों तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा। जिला बेसिक अधिकारी ने कार्यक्रम को दिव्यांग बच्चों की क्षमताओं को पहचानने व उन्हें सम्मान देने वाला प्रेरणादायी आयोजन बताया। कार्यक्रम में पैरा ओलम्पिक सचिव पुनीत पांडे, खंड शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार, अमित मिश्रा, संजीव कटियार सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




