
निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राएं सम्मानित
Kannauj News - तालग्राम। भारत रत्न और देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के
तालग्राम। भारत रत्न और देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर नगर के पीएमश्री जूनियर हाईस्कूल में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आकांक्षा चौरसिया ने छात्रों को अटल के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रधानाध्यापिका ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेई एक कुशल राजनेता, ओजस्वी वक्ता और संवेदनशील कवि थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में सुशासन, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य किया।
उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। बच्चों ने ध्यानपूर्वक उनके विचारों को सुना और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। अटल जी एवं सुशासन दिवस के अवसर पर कक्षा आठ के विद्यार्थियों के मध्य निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अटल के जीवन, उनके सिद्धांतों तथा सुशासन की अवधारणा पर अपने विचार प्रस्तुत किए। निबंध प्रतियोगिता में तनु ने प्रथम, मानवी ने द्वितीय तथा दिव्या ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विजेता छात्र-छात्राओं को प्रधानाध्यापिका आकांक्षा चौरसिया एवं शिक्षामित्र कुंती देवी द्वारा स्टेशनरी किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




