लक्ष्य की जानकारी न होने पर सीडीओ ने लगाई फटकार

Feb 17, 2026 05:25 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कन्नौज
share

Kannauj News - छिबरामऊ में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी ने मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कई कमियों को उजागर करते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। भ्रमण पंजिका न बनने, जीर्ण-शीर्ण सर्विस बुक, और मनरेगा योजना के भुगतान में देरी जैसी समस्याएं सामने आईं। CDO ने सुधार के सख्त निर्देश दिए।

लक्ष्य की जानकारी न होने पर सीडीओ ने लगाई फटकार

छिबरामऊ (संवाददाता)। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) रामकृपाल चौधरी ने मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों के अभिलेखों का विस्तृत अवलोकन किया और कई कमियों को उजागर करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। सीडीओ ने सबसे पहले भ्रमण पंजिका न बनाए जाने पर नाराजगी जताई और बीडीओ दीपांकर आर्य को तत्काल भ्रमण पंजिका तैयार कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में कर्मचारियों की सर्विस बुक जीर्ण-शीर्ण हालत में मिली। कई सर्विस बुक में हस्ताक्षर के साथ तारीख तक नहीं भरी गई थी, जिस पर सीडीओ ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। मनरेगा योजना के तहत वर्ष 2024-25 का मजदूरों का भुगतान अभी तक लंबित पड़ा मिला।

सीडीओ ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों का सर्वे कराकर शीघ्र रिपोर्ट भेजी जाए। स्वयं सहायता समूह से दीदियों को जोड़ने के मामले में भी बड़ी लापरवाही सामने आई। बीएमएम ने फरवरी माह का लक्ष्य तक नहीं बताया पाया। जबकि इस माह में 5620 दीदियों को स्वयं सहायता समूह से जोड़ना था, लेकिन मात्र 232 दीदियों को ही जोड़ा जा सका। इस गंभीर चूक पर सीडीओ ने एडीओ ग्राम विकास अनिल कुमार का वेतन रोके जाने की कड़ी चेतावनी दी। उधर, ग्रांट रजिस्टर की जांच में विभिन्न मदों में कुछ धनराशि अवशेष पड़ी मिली, जिसे अभी तक वापस नहीं किया गया। सीडीओ ने इसे भी गंभीर अनियमितता करार दिया। वहीं ग्राम पंचायत निगोह में निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल का भी जायजा लिया गया। यहां निर्माण में मानकों की खुलेआम अनदेखी मिली और गुणवत्ता पूर्ण निर्माण नहीं होने पर सीडीओ ने फिर नाराजगी जताई तथा सुधार के सख्त निर्देश दिए। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके अलावा उन्होंने ब्लॉक परिसर में नए मीटिंग हॉल के निर्माण को लेकर परिसर का निरीक्षण किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।