
सडक़ किनारे मिला महिला का जला शव, नहीं हो सकी शिनाख्त
Kannauj News - छिबरामऊ के निगोह गांव के सर्विस रोड पर एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिला है। शव की पहचान करना मुश्किल है और आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव को जलाया गया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ जांच शुरू कर दी है।
छिबरामऊ संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत निगोह गांव जाने वाली सर्विस रोड के किनारे बुधवार को एक अज्ञात महिला का जला शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। महिला का चेहरा बुरी तरह जल चुका है, जिससे उसकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को जलाया गया, ताकि उसकी पहचान छिपाई जा सके। सूचना मिलते ही एसपी समेत जिले की फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और एसओजी टीम भी मौके पर पहुंच गई। सुबह के समय जब स्थानीय ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें सड़क किनारे महिला का जला हुआ शव दिखाई दिया।

इस भयावह दृश्य ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी। सूचना फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। घने कोहरे के कारण यह अनुमान लगाया जा रहा है कि अपराधी ने अंधेरे का फायदा उठाकर शव को यहां फेंक दिया। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला स्थानीय है या उसे दूरदराज के किसी क्षेत्र से लाकर यहां जलाया गया है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वह जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सीओ सुरेश कुमार मलिक, कोतवाल विष्णुकांत तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विनोद कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और जिले की एसओजी टीम मामले की गहन जांच कर रही है। महिला की पहचान के लिए आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एसपी विनोद कुमार ने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले के खुलासे के लिए चार टीमें लगा दी गई हैं। घने कोहरे के चलते समय से नहीं चल सका पता छिबरामऊ। दो दिन से कड़ाके की सर्दी के साथ घना कोहरा छा रहा है। यही कारण रहा कि हत्यारे ने महिला के शव को सड़क के किनारे खंदी में जला दिया, लेकिन लोगों को जानकारी तक नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि निश्चित तौर पर यह घटना रात में सुबह के पहर हुई है। आस पड़ोस लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकालने में जुटी पुलिस छिबरामऊ। जिस तरह वारदात को अंजाम दिया गया उससे पुलिस के लिए महिला के हत्यारों तक पहुंचना आसान काम नहीं है। पुलिस हर दृष्टिकोण से मामले की तह तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। अब पुलिस आस पड़ोस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में लग गई है। ताकि फुटेज के आधार पर मामले की तह तक पहुंचा जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




