
सब जानते हैं बहनजी जो बोलती हैं वह सही बोलती हैं: ब्रजेश पाठक
Kannauj News - - बसपा सुप्रीमो मायावती की डिप्टी सीएम ने की सराहना - डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
कन्नौज, संवाददाता। बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने कार्यकाल के दौरान लगातार प्रदेश के विकास के लिए काम किया। सब जानते हैं बहनजी जो बोलती हैं वह सही बोलती हैं। जब जब सपा सरकार रही है गुंडे माफिया बढ़े हैं। 2017 से पहले प्रदेश में गुंडों, माफियाओं और अपराधियों को खुला संरक्षण मिलता था। महिलाएं असुरक्षित थीं और आम जनता शाम को घर लौटने में भी डरती थी। सपा सरकार में भवनों का निर्माण तो हुआ लेकिन पद और संसाधन नहीं दिए गए। यह बात प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ठठिया ब्लॉक के खैरनगर गांव में प्रदेश के पूर्व डीजीपी और राज्य मंत्री असीम अरुण के पिता स्वर्गीय श्रीराम अरुण की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कही।

डिप्टी सीएम ने इससे पूर्व दिवंगत श्रीराम अरुण को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज प्रदेश की पुलिस व्यवस्था में जो सुधार देखने को मिल रहे हैं, वह श्रीराम अरुण जैसे ईमानदार और समर्पित अफसरों की देन हैं। भाजपा सरकार उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश को हर क्षेत्र में नंबर वन बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। कन्नौज को एक मॉडल जिले के रूप में विकसित किया जाएगा और हर सेक्टर में विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सपा पर जमकर हमला बोला और सवालिया लहजे में कहा कि आज गुंडे और माफिया कहां हैं। आज गुंडे माफियाओं के अंदर दहशत है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक केंद्र बारात घर का शिलान्यास किया। साथ ही पांच टीबी रोगियों को पोषण पोटली एवं 10 वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय, तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, विधायक पूनम संखवार, विधायक मानवेंद्र प्रताप, विधायक राहुल बच्चा सोनकर, जिपं अध्यक्ष प्रिया शाक्य, जिलाध्यक्ष वीर प्रताप सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। दवाओं की कमी को लेकर सीएमओ को लगाई फटकार: जिले के ठठिया ब्लॉक स्थित खैरनगर गांव में पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने खैरनगर में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान दवाओं की उपलब्धता और ड्रग लिस्ट न लगे होने को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई l शुभारंभ के बाद डिप्टी सीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में खामियों को लेकर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता से पूछा कि अस्पताल में जो दवाएं उपलब्ध हैं उनकी लिस्ट क्यों नहीं हैं? यही नहीं सीएमओ से दवाओं की उपलब्धता पर सवाल किया तो उन्होंने कुछ दवाओं की कमी बताई। इस पर उन्होंने सीएमओ को कड़ी फटकार लगाई और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए। कहा कि विभाग में दवाओं की कोई कमी नहीं है l अगर दवा कम है तो डिमांड क्यों नहीं भेजी? इसके साथ ही, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और मंत्री असीम अरुण ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पौधरोपण भी किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक नागरिक को बेहतर इलाज मुहैया कराना प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि खैरनगर पीएचसी को मॉडल केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। तिर्वा में बन गई जाम जैसी स्थिति : डिप्टी सीएम के कार्यक्रम के बाद वहां से लोगों के वापस आने का सिलसिला शुरू हुआ। तिर्वा कस्बे में खैरनगर चौराहे के पास कई वाहन पहुंचने से जाम जैसी स्थिति बन गई। लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहे। हालांकि वहां मौजूद यातायात पुलिस कर्मियों ने जाम को खुलवाया और तब आवागमन सुचारु हो सका।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




