सात माह बाद दर्ज हुआ सड़क हादसे पर ट्रक चालक व मालिक पर मुकदमा
ठठिया क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर नवंबर 2024 में हुए सड़क हादसे के बाद न्यायालय के आदेश से सात महीने बाद मुकदमा दर्ज हुआ है। पीड़ित सत्यजीत कुमार सिंह ने ट्रक चालक और मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं और पत्नी व पुत्र भी घायल हुए।

ठठिया संवाददाता। थाना क्षेत्र से गुजरने वाले आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर नवंबर 2025 में हुए सड़क हादसे के मामले में न्यायालय के आदेश पर करीब सात माह बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित ने ट्रक चालक और वाहन मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। नई दिल्ली निवासी सत्यजीत कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय राजकुमार सिंह ने दर्ज कराई गई तहरीर में बताया कि 23 नवंबर 2024 को वह अपनी पत्नी विभा सिंह तथा पुत्र गौरव सिंह और हर्ष सिंह के साथ कार से लखनऊ में एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कार उनका पुत्र हर्ष सिंह चला रहा था।
आरोप है कि दोपहर करीब 1:35 बजे जब उनकी कार थाना ठठिया क्षेत्र अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के 197 किलोमीटर प्वाइंट के पास पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। आरोप है कि ट्रक सड़क पर बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के खड़ा था। ट्रक में न तो पार्किंग लाइट जल रही थी और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाया गया था। हादसे में सत्यजीत कुमार सिंह के पैर में फ्रैक्चर हो गया तथा सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उनकी पत्नी विभा सिंह और पुत्र गौरव सिंह भी घायल हो गए, जबकि पुत्र हर्ष सिंह को मामूली चोटें आईं। सत्यजीत कुमार सिंह को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित का कहना है कि घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। बाद में न्यायालय की शरण लेने पर न्यायालय के आदेश से थाना ठठिया पुलिस ने ट्रक चालक एवं मालिक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


