Kannauj News: हवन-पूजन के साथ रात्रिकालीन रामलीला महोत्सव का शुभारंभ
Kannauj News: सौरिख की सब्जी मंडी में रविवार को श्रीरामलीला नाटक कमेटी पुरातन के 71वें रात्रिकालीन रामलीला महोत्सव का हवन-पूजन और फीता काटकर शुभारंभ हुआ। पहले दिन गणेश पूजन, नारद मोह और राम जन्म की लीलाओं का मंचन किया गया। बाहर से आए कलाकारों की प्रस्तुति देखने बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। आयोजन में कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।

Kannauj News: सौरिख, संवाददाता। कस्बे की सब्जी मंडी में रविवार शाम श्रीरामलीला नाटक कमेटी पुरातन की ओर से 71वें रात्रिकालीन विशाल रामलीला महोत्सव का शुभारंभ हवन-पूजन और फीता काटकर किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के बीच शुरू हुए रामलीला महोत्सव से माहौल भक्तिमय हो गया। पहले दिन मंच पर गणेश पूजन, नारद मोह और राम जन्म की लीलाओं का मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विजय सिंह विद्रोही और चेयरमैन राहुल गुप्ता ने विधि-विधान से हवन-पूजन किया। इसके बाद फीता काटकर रामलीला महोत्सव का शुभारंभ किया। बाहर से आए कलाकारों ने आकर्षक अभिनय और प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
रामलीला के मंचन के दौरान श्रद्धालु धार्मिक प्रसंगों में भावविभोर नजर आए। इस दौरान प्रबंधक विशुनचंद्र वर्मा, अध्यक्ष नितेंद्र बिहारी हजेला, कार्यवाहक अध्यक्ष पं.मुकेशानन्द महाराज, रामलीला प्रमुख रामप्रकाश गुप्ता रामू आढ़ती, जीतू विद्रोही, जितेंद्र बिहारी हजेला जीतू, महामंत्री राजन सैनी, गौरव चौरसिया, सोनू गुप्ता समेत कमेटी के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

