
बुखार पीडित पांच वर्षीय बच्ची की मौत, मेडिकल स्टोर संचालक पर गलत दवा देने का आरोप
Kannauj News - कन्नौज में बुखार से पीड़ित 5 वर्षीय राधिका की मंगलवार रात मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि मेडिकल स्टोर से खरीदी गई दवा देने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ गई। ग्रामीणों ने हंगामा किया और बिना लाइसेंस वाले मेडिकल स्टोर की जांच की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कन्नौज, संवाददाता। बुखार पीड़ित पांच वर्षीय बच्ची की मंगलवार रात मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि गांव में ही एक मेडिकल स्टोर से दवा लेने के बाद बच्ची को खिलाई और इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने मेडिकल स्टोर संचालक पर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सदर कोतवाली क्षेत्र के करनपुर निवासी सोनू कुशवाहा की पांच साल की बेटी राधिका को मंगलवार शाम तेज बुखार आ रहा था।
घर के पास ही संचालित एक मेडिकल स्टोर से सोनू की पत्नी सोनी देवी ने बुखार की दवा खरीदकर उसे दे दी। परिवार का कहना है कि दवा लेने के कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई और परिवार कुछ समझ पाता, इससे पहले ही राधिका ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मेडिकल स्टोर संचालक दुकान बंद कर मौके से गायब हो गया, जिससे लोगों का संदेह और बढ़ गया। बुधवार सुबह बच्ची की मौत की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि क्षेत्र में कई मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के संचालित हैं और अक्सर दवाएं बिना किसी विशेषज्ञता या जांच के बेच दी जाती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निगरानी के अभाव में आम लोगों की जान जोखिम में पड़ती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराया। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि राधिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग भी मामले को लेकर सक्रिय हो गया है। कोट विभाग की टीम जल्द ही मौके पर जांच करेगी और यह देखा जाएगा कि मेडिकल स्टोर लाइसेंसधारी है या नहीं। यदि गलत दवा देने या नियमों के उल्लंघन के प्रमाण मिलते हैं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।- परमेश कुमार औषधि निरीक्षक

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




