कमलेश बिंद एनकाउंटर; ओपी राजभर ने संजय निषाद के सुर में मिलाया सुर, जांच की मांग

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

गाजीपुर में होटल कारोबारी के बेटे की हत्या के आरोपी कमलेश बिंद के एनकाउंटर की जांच की मांग अब सुभासपा प्रमुख और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने भी कर दी है। इससे पहले योगी के ही दूसरे मंत्री संजय निषाद ने मामले को उठाते हुए जांच की मांग की थी।

कमलेश बिंद एनकाउंटर; ओपी राजभर ने संजय निषाद के सुर में मिलाया सुर, जांच की मांग

सुभासपा अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अब कमलेश बिंद को एनकाउंटर में मार गिराए जाने के मामले की जांच की मांग कर दी है। राजभर ने निषाद पार्टी के अध्यक्ष और राज्य सरकार में उनके सहयोगी मंत्री डा. संजय निषाद के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि अगर डा. निषाद जांच की मांग कर रहे हैं तो जाहिर है कि उनके पास जानकारी होगी। ऐसे में जांच होनी चाहिए।

गाजीपुर में 29 मई की रात होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गाजीपुर के ही कटरा गैंग पर एक करोड़ की रंगदारी नहीं देने पर हत्या का आरोप लगा था। पुलिस ने कटरा गैंग के मुखिया शंकर पांडेय, कमलेश समेत कई लोगों को नामजद करते हुए जांच शुरू की थी। इसी बीच बुधवार की रात कमलेश को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। कमलेश की 38 दिन पहले ही शादी हुई थी। कमलेश के परिवार वालों ने घर से उठा ले जाने और हत्या का आरोप पुलिस पर लगाया।

क्या बोले थे संजय निषाद

सबसे पहले अखिलेश यादव ने एनकाउंटर पर सवाल उठाया। फिर योगी सरकार में मंत्री संजय निषाद ने भी एनकाउंटर पर उंगली उठाकर हड़कंप मचा दिया। उन्होंने यहां कहा कि पुलिस अंग्रेजों के दौर की तरह काम कर रही है। उन्होंने पुलिस द्वारा बिना किसी जांच के इस तरह की सजा देने पर ऐतराज जताया और यह भी कह दिया कि पार्टी को इसका नुकसान आने वाले विधानसभा चुनावों में उठाना पड़ सकता है। कहा कि कभी दुर्दांत अपराधी मारा गया तो हमने कभी कोई विरोध नहीं किया। लेकिन यह पुलिस ने गलत किया है। कमलेश पर इतने गंभीर आरोप नहीं थे, जबकि मुख्य आरोपी ब्राहमण है, इसलिए उसका एनकाउंटर नहीं हुआ।

इसी बीच कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि पुलिस समाज में भय और आतंक का माहौल बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करती है। संजय निषाद ने कृषि मंत्री के बयान पर भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर सूर्य प्रताप शाही ब्राह्मण के साथ हैं तो हम भी अपने समाज बिन्द के साथ हैं। माना जा रहा था कि मामला अब थम जाएगा। लेकिन सोमवार को ओम प्रकाश राजभर ने संजय निषाद की मांग का समर्थन करके इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सपा का भी एनकाउंटर को लेकर आरोप

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी कमलेश बिंद के एनकाउंटर को लेकर लगातार सवाल उठाए और कई ट्वीट किए हैं। अखिलेश ने एनकाउंटर के बाद परिजनों के विरोध को लेकर कहा कि भाजपा राज में महाभ्रष्ट ‘शासन-प्रशासन’ ने जनता का विश्वास खो दिया है। हत्याओं और एनकाउंटर ने उप्र की छवि को पूरी तरह नकारात्मक बना दिया है। भाजपा ख़ुद अपराधी है। एक अन्य पोस्ट में लिखा कि दोनों पक्षों के गुनाहगार तो क़ानून अपने हाथ में लेकर लखनऊ में बैठे हैं।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।