जस्ट डायल पर कॉल करने वालों से एक करोड़ की ठगी; BBA का छात्र निकला गैंग का सरगना
बागपत पुलिस ने साइबर ठगी के गैंग का खुलासा किया है। ये गिरोह जस्ट डायल प्लेटफार्म पर कॉल करने वालों से करीब एक करोड़ रुपये की ठगी कर चुके हैं। गैंग का सरगना बीबीए का छात्र है।

बागपत की साइबर टीम ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये सभी बीबीए, एमबीए, बीएससी आदि के छात्र हैं जो जस्ट डायल प्लेटफार्म पर कॉल करने वालों से करीब एक करोड़ रुपये की ठगी कर चुके हैं। गैंग ने बागपत कोतवाली क्षेत्र के बली गांव निवासी युवक के साथ भी 2.15 लाख रुपये की ठगी की थी। तभी से पुलिस ठगों की तलाश में जुटी थी। पुलिस को ठगों के पास से पिस्टल, तमंचा, कार व अन्य सामान बरामद हुआ।
जस्ट डायल पर कॉल करने वालों से ठगी
एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि बागपत कोतवाली क्षेत्र के बली गांव निवासी व्यापारी संदीप अग्रवाल ने साइबर थाने में गत नौ अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी। व्यापारी के अनुसार उसने सोशल मीडिया पर जस्ट डायल प्लेटफार्म पर साफ्ट ड्रिंक के लिए कॉल की थी। इसके बाद उसके पास अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर के झांसे में आकर उसने 80 लाख रुपये की साफ्ट ड्रिंक बुक करा दी थी। इसकी एवज में ठगों ने अलग-अलग बैंक खातों में 2.15 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए, लेकिन न तो साफ्ट ड्रिंक उपलब्ध कराई गई और न ही रुपये लौटाए गए।
साइबर फ्रॉड के 8 आरोपी गिरफ्तार
शनिवार सुबह बागपत की साइबर टीम ने नेशनल हाईवे के पास से आठ आरोपी अश्वनी पुत्र प्रमोद व आदित्य सिंह उर्फ लक्की पुत्र नागेंद्र सिंह निवासी ग्राम गुरगवां थाना जलालाबाद (शाहजहांपुर), उत्कर्ष प्रताप सिंह पुत्र उदयवीर सिंह निवासी ग्राम ग्राम पिथनापुर थाना अमृतपुर, अंकुर सिंह पुत्र इतेंद्र सिंह, आकाश सिंह पुत्र पुष्पेंद्र सिंह, निवासी ग्राम तुषोर थाना राजेपुर (फरूखाबाद), आयुष पाल पुत्र संजय कुमार पाल निवासी ग्राम सूर्यनगर भरवालिया थाना लालगंज (बस्ती), सुमित पुत्र उमेश कुमार निवासी जगदीशपुर पोस्ट कमलापुर (सीतापुर) और अतुल सिंह पुत्र उदय प्रकाश सिंह निवासी आदित्यपुरम कालोनी (अयोध्या) को गिरफ्तार किया।
पिस्टल, तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल .32 बोर, तमंचा .312 बोर, दो कारतूस, हुंडई आरा कार, 11 मोबाइल, चार लैपटाप, 24 सिम कार्ड, एक टैबलेट, दो डेबिट/एटीएम कार्ड बरामद किए है। पुलिस ने शनिवार दोपहर इन सभी का चालान कर दिया।
बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र गैंग का सरगना
एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि गिरोह का सरगना अश्वनी है जो बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र है। इसके अलावा आदित्य बीएससी द्वितीय वर्ष, उत्कर्ष एमबीए द्वितीय वर्ष, अंकुर एमबीए प्रथम वर्ष, आकाश सिंह हाईस्कूल पास, आयुष बीसीए पास, अतुल एमबीए प्रथम वर्ष और सुमित बीबीए पास है। बताया कि यह गिरोह देशभर में कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।


